बनारस में हुई क्रिकेटर आकाशदीप की ‘शाही शादी’, पवन सिंह भी पहुंचे देने बधाई

Akash Deep Wedding: भारतीय टेस्ट क्रिकेटर आकाशदीप और अक्षिता राज वाराणसी के ताज गैंगेस में शादी के बंधन में बंध गए हैं। शिव मंदिर थीम पर हुए इस भव्य समारोह में QR कोड से एंट्री मिली।

Akash Deep Wedding: भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप (Akash Deep) ने अपनी जिंदगी की एक बेहद खूबसूरत और नई पारी की शुरुआत कर दी है। आकाशदीप ने उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी (Varanasi) में अपनी मंगेतर अक्षिता राज (Akshita Raj) के साथ सात फेरे लिए। नदेसर स्थित आलीशान होटल ‘ताज गैंगेस’ (Taj Ganges) में आयोजित यह विवाह समारोह बेहद भव्य, पारंपरिक और आधुनिक सुरक्षा तकनीकों से लैस रहा।

शाही अंदाज में थिरके दूल्हे राजा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में आकाशदीप बिल्कुल रॉयल लुक में नजर आ रहे हैं। उन्होंने क्रीम रंग की खूबसूरत शेरवानी, सिर पर सेहरा और कंधे पर लाल रंग का दुपट्टा कैरी किया हुआ था। बारात के दौरान दोस्तों और करीबियों के साथ आकाशदीप ने डीजे की धुनों पर जमकर डांस किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रात करीब 10:30 बजे बारात होटल ताज गैंगेस पहुंची, जहां शानदार आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के साथ बारात का स्वागत किया गया। हाई-प्रोफाइल शादी होने के कारण सुरक्षा के भी बेहद कड़े इंतजाम थे। होटल परिसर के बाहर और भीतर कैंट पुलिस के जवानों के साथ-साथ निजी सुरक्षाकर्मियों (बाउंसर्स) का कड़ा पहरा रहा।

आमंत्रित किए गए करीब 300 से अधिक मेहमानों को उनके मोबाइल पर एक विशेष QR कोड भेजा गया था। होटल के मुख्य गेट पर इस QR कोड को स्कैन करने के बाद ही मेहमानों को अंदर जाने की अनुमति मिली।

शिव मंदिर थीम पर सजा मंडप

काशी की धार्मिक महत्ता को देखते हुए शादी का मुख्य आकर्षण यहाँ का मंडप रहा, जिसे विशेष रूप से ‘शिव मंदिर’ की भव्य थीम पर डिजाइन किया गया था। काशी के प्रकांड विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी कराईं। लाल रंग के भारी कढ़ाईदार लहंगे में सजीं दुल्हन अक्षिता राज ने जयमाला की रस्म के बाद आकाशदीप के साथ अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह भी पहुंचे बधाई देने

इस शाही शादी की रौनक बढ़ाने और नवदंपति को आशीर्वाद देने भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने वर-वधू को मिलकर शादी की शुभकामनाएं दीं। इससे एक दिन पहले (मंगलवार को) सासाराम में हल्दी और मटकोर की रस्में निभाई गई थीं, जिसमें परिवार के लोगों ने जमकर उत्साह मनाया था।

Back to top button