विनय कटियार ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी… अयोध्या से चुनाव लड़ने के मिले संकेत

Vinay Katiyar: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और पूर्व सांसद विनय कटियार ने अयोध्या से चुनाव लड़ने के संकेत देकर सियासी माहौल गरमा दिया है। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे कटियार ने स्पष्ट कहा है कि उनकी चुनावी तैयारियां चल रही हैं और सही समय आने पर वे मैदान में उतरेंगे।

अयोध्या में बंद कमरे में हुई अहम बैठक
मंगलवार को अयोध्या स्थित अपने आवास पर विनय कटियार ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ लंबी बैठक की। बताया जा रहा है कि यह बैठक कई घंटों तक बंद कमरे में चली, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय समीकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कटियार ने कहा,
“किसने कह दिया कि हमारी कोई तैयारी नहीं है। हमारी पूरी तैयारी चल रही है। सही समय पर मैदान-ए-जंग में उतरेंगे।”
उनके इस बयान को अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सीधे संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

‘राम जन्मभूमि मेरी कर्मभूमि’
विनय कटियार ने अयोध्या से अपने भावनात्मक जुड़ाव को भी खुलकर सामने रखा। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि उनकी कर्मभूमि रही है और स्वाभाविक है कि अगर चुनावी डंका बजेगा तो अयोध्या से ही बजेगा। उनके इस बयान ने राजनीतिक संकेतों को और स्पष्ट कर दिया है।

कटियार राम मंदिर आंदोलन के दौरान लंबे समय तक अयोध्या की राजनीति का केंद्रीय चेहरा रहे हैं। ऐसे में उनके संभावित चुनावी कदम को भाजपा के भीतर भी अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

चिनहट में ट्रैफिक सुधार की कवायद तेज… कमता चौराहे पर डीसीपी पूर्वी ने किया निरीक्षण

प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात पर सफाई
हाल ही में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से हुई मुलाकात को लेकर भी विनय कटियार ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि उनका संगठन और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बना हुआ है।

कटियार ने कहा कि जनता भी उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में देखना चाहती है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वे “एक नहीं, बल्कि दो-दो बार चुनौती देने के लिए तैयार” हैं।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से खेला खूनी खेल

अयोध्या की राजनीति में बढ़ी हलचल
विनय कटियार के इस बयान के बाद अयोध्या की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि कटियार अयोध्या से चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो इसका असर न केवल स्थानीय राजनीति पर पड़ेगा, बल्कि भाजपा के भीतर सीटों के समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं।

2027 के चुनाव में अभी भले ही समय हो, लेकिन विनय कटियार के इस संकेत ने यह साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों में सियासी सरगर्मी और तेज होने वाली है।

यह भी पढ़ें…

UP News: खेल- खेल में खाया कनेर का फल, दो बहनों समेत 3 बच्चियों की मौत

Back to top button