New Navy Chief: वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी संभालेंगे नए नौसेना प्रमुख की जिम्मेदारी

वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त कर दिया गया है। वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी नए नौसेना प्रमुख होंगे। वह इस महीने के अतं में एडमिरल आर हरि कुमार की जगह लेंगे।

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी देश के नए नौसेना प्रमुख बनने जा रहे हैं। वह मौजूदा नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार की जगह लेंगे। दरअसल एडमिरल आर हरि कुमार 30 अप्रैल को रिटायर होने जा रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद वाईस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी नौसेना का पदभार संभालेंगे। वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, पीवीएसएम, एवीएसएम, एनएम, वर्तमान में नौसेना स्टाफ के वाइस चीफ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वह 30 अप्रैल, 2024 की दोपहर से देश के नए नौसेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे। अपने 30 साल लंबे करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के बाद अब एडमिरल दिनेश नौसेना के शीर्ष पद पर सेवाएं देने को तैयार हैं।

कौन हैं दिनेश कुमार त्रिपाठी?
वाइस एडमिरल त्रिपाठी का 15 मई 1964 को जन्म हुआ था। उन्होंने डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। इसके बाद यूएस नेवल वॉर कॉलेज से नेवल हायर कमांड कोर्स भी किया। वॉर कॉलेज में उन्होंने प्रतिष्ठित रॉबर्ट ई बेटमैन अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता। एक जुलाई 1985 में वह भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ वाइस एडमिरल त्रिपाठी का करीब 30 वर्ष का लंबा करियर रहा है।

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहां-कहां दी सेवाएं?

वाइस एडमिरल डीके त्रिपाठी भारतीय नौसेना के जहाजों वीनश, किर्च और त्रिशूल की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने कई अहम परिचालन और स्टाफ नियुक्तियों पर भी काम किया है, जिनमें पश्चिमी बेड़े के बेड़े संचालन अधिकारी; नौसेना संचालन निदेशक; नई दिल्ली में प्रधान निदेशक, नेटवर्क सेंट्रिक ऑपरेशंस और प्रधान निदेशक नौसेना योजना शामिल हैं। रियर एडमिरल के रूप में वह नौसेना स्टाफ के सहायक प्रमुख और पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं।

नौसेना मेडल से भी सम्मानित
सैनिक स्कूल और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खडकवासला के पूर्व छात्र वाइस एडमिरल त्रिपाठी ने गोवा के नेवल वॉर कॉलेज और अमेरिका के नेवल वॉर कॉलेज में भी कोर्स किया है। उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और नौसेना मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Back to top button