UP News: सपा कार्यालय पर चला योगी का बुलडोजर, 21 साल पुरानी इमारत जमींदोज

UP News In Hindi: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में अवैध कब्जे के खिलाफ योगी सरकार का बड़ा एक्शन। टाउन हॉल स्थित 21 साल पुराने समाजवादी पार्टी (SP) कार्यालय पर चला बुलडोजर।

UP News In Hindi: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का ‘बुलडोजर एक्शन’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार प्रशासन ने सीतापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय को जमींदोज कर दिया है। सोमवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चार बुलडोजरों ने मिलकर इस 21 साल पुरानी अवैध इमारत को ढहा दिया।

क्यों हुई यह कार्रवाई?

यह पूरा मामला टाउन हॉल परिसर की नजूल भूमि (सरकारी जमीन) से जुड़ा है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, 15 जनवरी 2005 को तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल ने नियमों को ताक पर रखकर यह जमीन समाजवादी पार्टी को आवंटित की थी। इसका सालाना किराया महज 100 रुपये तय किया गया था।

आवंटन प्रक्रिया में गड़बड़ी पाए जाने पर नगर पालिका ने पहले ही इसे निरस्त कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद कार्यालय का संचालन अवैध रूप से जारी था।

खाली कराकर बनाया जाएगा सरकारी कॉलेज

बीती 8 जून को जिलाधिकारी (DM) कोर्ट ने नोटिस जारी कर सपा को 15 दिनों के भीतर दफ्तर खाली करने का आदेश दिया था। समय सीमा खत्म होने से दो दिन पहले ही सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव ने कार्यालय को खाली कर दिया था, जिसके बाद सोमवार सुबह ही प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) सीमा सिंह ने बताया कि नियमों के तहत नोटिस देने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। इस कीमती सरकारी जमीन को भू-माफियाओं और अवैध कब्जे से मुक्त कराकर अब यहां एक सरकारी महाविद्यालय (Government College) का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Back to top button