ऑनलाइन गेम की लत में फंसा युवक, खुद का अपहरण कर मांगी 20 लाख की फिरौती

Gautam Buddha Nagar: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में फेस‑दो थाना पुलिस ने रविवार को एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जिसने खुद का अपहरण रचकर परिवार से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने का नाटक किया। आरोपी आसाराम पर आरोप है कि उसने ऑनलाइन गेम में 4.70 लाख रुपए हार जाने के बाद यह घटना रची थी।

पुलिस उपायुक्त जोन‑II शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 24 सितंबर को कासगंज निवासी एक किशोर ने सूचना दी कि उसका बड़ा भाई आसाराम 2 सितंबर को अपने जीजा के पास नोएडा के नयागांव आया था, लेकिन 17 सितंबर को कासगंज जाने के लिए निकलने के बाद घर नहीं पहुंचा। 21 सितंबर को शिकायतकर्ता के मोबाइल पर फोन आया और यह कहा गया कि आसाराम का अपहरण कर लिया गया है; तीन दिनों में 20 लाख रुपये न दिए जाने पर उसकी हत्या कर दी जाएगी। साथ में आरोपी ने मुंह, हाथ और पैर बंधे हुए आसाराम की कई तस्वीरें भी भेजीं।

कमरों की टाइल और डिजाइन से हुई लोकेशन की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने आसाराम की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के सोलन जनपद में पाई। तस्वीरों में दिखाई देने वाली कमरों की टाइल के डिजाइनों के मिलान के बाद सोलन में तैनात पुलिस ने लगभग 40 घरों की तलाशी ली और उस घर की पहचान की जहाँ से फोटो और संदेश भेजे गए थे। तलाशी के दौरान आसाराम को मोबाइल चलाते हुए एक कमरे से बरामद किया गया।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ का फरार हिस्ट्रीशीटर संजय यादव की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

आसाराम ने खुद के अपहरण का रचा षणयंत्र
पूछताछ में आसाराम ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेम (कलर ट्रेडिंग बीडीजी गेम एप) में लगातार खेलता था और एक साल पहले विज्ञापन देखकर इसकी लत लग गई थी। उसने बताया कि अक्सर जीत‑हार होती रहती थी और कुछ समय पहले ही उसने 4.70 लाख रुपए हार दिए थे। पैसे की तंगी और गेम की लत के कारण उसने अपने जीजा के घर पर रहते हुए खुद का अपहरण रचने का विचार किया।

आसाराम ने बताया कि वह पहले घर से दादरी पहुंचा, वहां से दिल्ली रेलवे स्टेशन गया और फिर हिमाचल के काथा गांव पहुँचा — जहाँ उसे इलाके की जानकारी थी क्योंकि उसने पहले वहीं नौकरी की थी। उसने किसी व्यक्ति से दोस्ती कर उससे अपने मुंह‑हाथ‑पैर बांधवाकर तस्वीरें खिंचवाईं और आवाज बदलकर छोटे भाई को व्हाट्सएप कॉल कर अपहरण की खबर दी। वह आशा करता था कि परिवार जमीन बेचकर 20 लाख रुपए दे देगा।

यह भी पढ़ें…

सीएम योगी ने जनता दर्शन में दी तुरंत राहत, कैंसर पीड़ित को भेजा अस्पताल

पुलिस की बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से पांच डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के दौरान आरोपी की मानसिक स्थिति और गेमिंग लत के पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

Sahara Shahar: सुब्रत राय की पत्नी को छोड़ना होगा सहारा शहर, सील करने की तैयारी

Back to top button