ईरान ज्यादा दिन टिकने की स्थिति में है नहीं:ट्रंप

नवंबर में मिडटर्म चुनावों के तुरंत बाद खत्म होगी जंग

घरेलू मोर्चे और पार्टी के भीतर बढ़ रहा दबाव

Washington: पश्चिम एशिया में जारी सैन्य टकराव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध इसी वर्ष नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के तुरंत बाद समाप्त हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि ईरान की सैन्य और आर्थिक क्षमताएं तेजी से खत्म हो रही हैं और वह अब लंबे समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं बचा है। टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी के पहले मिडटर्म कन्वेंशन से पहले गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक ऊर्जा संकट और जंग के अंत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद यह युद्ध खत्म हो जाएगा, क्योंकि वे (ईरान) अब ज्यादा देर तक टिक नहीं सकते।” इसके साथ ही ट्रंप ने यह संकेत भी दिया कि तब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों में किसी बड़ी राहत या गिरावट की संभावना नहीं है।
राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर उन्हें अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के भीतर से कड़े विरोध और दबाव का सामना करना पड़ रहा है। लगातार खिंचते युद्ध और तेल की बढ़ती कीमतों के कारण अमेरिकी जनता के बीच कराए गए हालिया सर्वेक्षणों में ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है।

Back to top button