नेपाल में भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता:जयशंकर

नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा

दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नेपाल में चल रहे राहत और बचाव अभियानों की समीक्षा की और कहा कि भारत इस पूरे मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। जयशंकर ने काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों के साथ बातचीत कर नेपाल में प्रभावित भारतीय नागरिकों की स्थिति और उनकी सुरक्षा की जानकारी ली। विदेश मंत्रालय के संबंधित विभागों ने भी उन्हें नेपाल के लिए तैयार की जा रही अतिरिक्त राहत सामग्री के बारे में जानकारी दी। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि नेपाल में जारी राहत और बचाव प्रयासों पर चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावासों ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की स्थिति और कुशलक्षेम की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे को सबसे अधिक प्राथमिकता दे रहा है।

नेपाल में संकट की शुरुआत 26 अगस्त को हुई, जब तिब्बत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। पानी, मलबे और बड़े-बड़े बोल्डर का तेज बहाव भोटेकोशी नदी तंत्र से होते हुए नीचे के इलाकों तक पहुंचा। इस आपदा में नेपाल के रसुवा जिले में सड़कें, पुल, इमारतें और अन्य बुनियादी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। पहाड़ी इलाकों में मलबे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल में इस आपदा से मरने वालों की संख्या 530 के पार पहुंच गई है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं।
Back to top button