
पटाखा फैक्ट्री में लगी आग,आठ मरे, कई लोगों की हालत नाजुक
धमाके में कई मकान धराशायी
प्रयागराज। कौशांबी जिले पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, आठ लोगों की मौत,22 लोगों को रेस्क्यू कर निकाला गया। धमाके से कई मकान जमींदोज। गंभीर रूप से झुलसे 20 लोगों को एसआरएन मेडिकल कालेज भेजा गया। मौके पर डीएम, एसपी, पुलिस व फायर विभाग के लोग मौजूद।
पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्ट्री में रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में फैक्टरी से उठे धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को ढक लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धमाके में कई परिवारों के मकान धराशायी हो गए।अभी तक आठ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। दर्जनभर से अधिक लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्रयागराज के एडीजी, आईजी, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त के अलावा कौशाम्बी के डीएम और एसपी पहुंच गए हैं। झुलसे लोगों को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजा गया है।





