हरियाणवी हत्याकांड : UP-STF हुई कामयाब, मुठभेड़ में दो शूटर ढेर

शामली / लखनऊ। हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। शामली जिले में हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो मुख्य शूटर्स को मार गिराया। पुलिस और एसटीएफ को इनपुट मिला था कि अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटर शामली क्षेत्र में छिपे हुए हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने या भागने की फिराक में हैं। जवाबी फायरिंग में ढेर: संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षा व जवाबी फायरिंग में दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
हरियाणवी म्यूजिक और एक्टिंग इंडस्ट्री के उभरते कलाकार अंकित बालियान की दिनदहाड़े की गई हत्या के बाद से पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और गंभीर वारदातों में शामिल अपराधियों के खिलाफ प्रदेश भर में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

Back to top button