
राष्ट्रीय जम्बूरी से पहले लखनऊ में टेंट सिटी का भूमिपूजन, नवंबर में होगा भव्य आयोजन
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश युवाओं के लिए वैश्विक मंच तैयार हो रहा है। इसी क्रम में लखनऊ में पहली बार भारत स्काउट्स और गाइड्स की डायमंड जुबली ग्रैंड फिनाले एवं 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का भव्य आयोजन आगामी 23 से 29 नवंबर 2025 तक डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृंदावन योजना में होने जा रहा है। सोमवार को इस विश्वस्तरीय शिविर का भूमि पूजन मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ संपन्न हुआ।
भूमिपूजन समारोह में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को उत्तर प्रदेश के लिए “गौरव का अवसर” बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
PM Modi कर सकते हैं जम्बूरी का कार्यक्रम का उद्घाटन
डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि 23 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में भारत के 30,000 स्काउट्स-गाइड्स और विभिन्न देशों के 2,000 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसके अलावा 3,000 अधिकारी और स्टाफ इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे, जिससे कुल 35,000 प्रतिभागियों का संग्रह होगा। उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है, जबकि समापन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने इसे युवाओं का वैश्विक उत्सव करार देते हुए कहा कि जम्बूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि भाईचारे, संस्कृति और नेतृत्व का मंच है। यह आयोजन 1953 में हैदराबाद में पहली राष्ट्रीय जम्बूरी के बाद 18 सफल आयोजनों के बाद उत्तर प्रदेश को 61 वर्षों के बाद मिला है। पिछली बार यह 1964 में प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में आयोजित हुआ था।
यह भी पढ़ें…
ऑनलाइन गेम की लत में फंसा युवक, खुद का अपहरण कर परिवार से मांगी 20 लाख की फिरौती
आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘टेंट सिटी’
जम्बूरी के लिए डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में एक सप्ताह के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘टेंट सिटी’ तैयार की जाएगी। इसमें 3,500 टेंट, 1,600 शौचालय-स्नानागार, 25,000 क्षमता का एरिना, 64 रसोईघर, 100 बिस्तरों का अस्पताल, 15 डिस्पेंसरी, 100 प्रदर्शनी स्टॉल, जम्बूरी मार्केट, ग्लोबल विलेज, एडवेंचर जोन, वाई-फाई जोन और दो दिवसीय ड्रोन शो शामिल होंगे। एयर फोर्स की एयर अग्निवीर प्रदर्शनी, HAM रेडियो स्टेशन और आईटी हब भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
योगी सरकार ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, परिवहन और पर्यावरणीय संतुलन के लिए विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित किए हैं। ‘टेंट सिटी’ ग्रीन और सर्कुलर इकोनॉमी सिद्धांतों पर आधारित होगी।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ का फरार हिस्ट्रीशीटर संजय यादव की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
PM Modi की प्राथमिकताओं पर आधारित होगी थीम
जम्बूरी की थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं—आत्मनिर्भर स्वदेशी भारत, स्वच्छ एवं विकसित भारत, ग्रीन एवं सस्टेनेबल भारत, और विकसित युवा-विकसित भारत पर केंद्रित है। यह आयोजन युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का विकास करेगा, साथ ही राष्ट्रीय एकता, वैश्विक भाईचारा, संस्कृति का आदान-प्रदान और सेवाभावी नागरिकों को प्रोत्साहित करेगा।
यह भी पढ़ें…





