AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर ED की छापेमारी, अस्पताल निर्माण घोटाले में कार्रवाई

ED Raid on Saurabh Bhardwaj: दिल्ली में ईडी ने मंगलवार सुबह आप नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के खिलाफ अस्पताल निर्माण घोटाले के कथित आरोप में उनके घर पर छापेमारी की है.

ED Raid on Saurabh Bhardwaj: दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार बनने के बाद आम आदमी पार्टी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार (26 अगस्त) सुबह आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत दिल्ली NCR में 13 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.  इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. राज्यसभा सांसद और AAP नेता संजय सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो मामला बनाया गया है वो पूरी तरह से निराधार झूठा और बे बुनियाद है.

संजय सिंह ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

आप सांसद संजय सिंह ने ईडी की छापेमारी पर मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि, “आज सौरभ भारद्वाज पर रेड क्यों की गई? क्योंकि कल से पूरे देश में मोदी जी की डिग्री को लेकर चर्चा है कि मोदी जी की डिग्री फर्जी है। ये रेड उस से ध्यान भटकाने के लिए की गई है। जिस period का ये केस है, उस पीरियड में सौरभ मंत्री ही नहीं थे। तो ये पूरा केस झूठा है। सत्येंद्र जैन को भी तीन साल जेल में रखने के बाद CBI/ED ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट फाइल की। इससे साफ़ है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं पर किए गए सारे केस झूठे है।”

अस्पताल निर्माण से जुड़ा है मामला?

अब मामले की बात करें तो यह अस्पताल निर्माण का कथित घोटाला 5590 करोड़ रुपये का है। 2018-2019 में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने 24 अस्पतालों के निर्माण के लिए 5,590 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंज़ूरी दी थी। आईसीयू अस्पताल का निर्माण छह महीने में पूरा होना था, लेकिन तीन साल बाद भी काम अधूरा पड़ा है। 800 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद केवल 50 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। एलएनजेपी अस्पताल की लागत 488 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये हो गई। कई जगहों पर निर्माण कार्य बिना अनुमति के शुरू कर दिया गया और ठेकेदारों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एचआईएमएस का काम 2016 से ही लंबित है और इसमें जानबूझकर देरी के आरोप लगे हैं। इस मामले में सौरभ भारद्वाज के अलावा आप नेता सत्येन्द्र जैन भी जांच के दायरे में हैं।

 

Back to top button