
UP की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा VHRP, गोपाल राय ने सुरक्षा हटने पर BJP को घेरा
VHRP Gopal Rai: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लखनऊ स्थित विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बड़ा ऐलान किया है।
उन्होंने घोषणा की है कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कट्टर सनातनी विचारधारा से जुड़े प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी। संगठन आगामी समय में प्रदेश की राजनीति में सीधी भूमिका निभाने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रहा है।
मथुरा में मनेगा शौर्य दिवस
गोपाल राय ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद आगामी 5 दिसंबर को लखनऊ से मथुरा के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद 6 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देश भर से लगभग 10 हजार कार्यकर्ता मथुरा पहुंचेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से यूजीसी (UGC) के विवादित नियमों और कानूनों को तुरंत वापस लेने (Roll Back) की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को इन नियमों पर पुनर्विचार करना चाहिए और इस काले कानून को निरस्त करना चाहिए।
“सपा सरकार में भी सुरक्षा मिली…”
प्रेस वार्ता के दौरान गोपाल राय ने अपनी सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उन्हें पिछले लगभग 20 वर्षों से सुरक्षा प्रदान की जा रही थी। पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भी बिना किसी समर्थन के उन्हें सुरक्षा कवर मिला हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कहने पर उन्होंने बिना शर्त भाजपा को समर्थन दिया था, लेकिन इसके बावजूद उनके दोनों सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया। गोपाल राय ने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकारी के कहने पर और किस आधार पर उनकी 20 साल पुरानी सुरक्षा हटाई गई?
उन्होंने बताया कि जम्मू और वाराणसी में उन पर जानलेवा हमले हो चुके हैं, जिसमें गोली चलाई गई थी। इसके अलावा लव जिहाद, धर्मांतरण और घर वापसी के मामलों में मुखर रहने के कारण उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
मुस्लिम परिवार ने अपनाया सनातन धर्म
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजनौर जिले के थाना मंडावर अंतर्गत ग्राम मोहीउद्दीनपुर निवासी एक मुस्लिम परिवार की सनातन धर्म में घर वापसी भी कराई गई। संगठन के केंद्रीय कार्यालय में गोपाल राय के नेतृत्व में पूरी वैदिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ इस परिवार का शुद्धिकरण हुआ।
सनातन धर्म अपनाने के बाद बिजनौर के मोहम्मद दिलशाद अब राजीव शर्मा बन गए हैं। उनकी पत्नी रेहाना ने अपना नाम बदलकर रितु रखा है, जबकि उनकी बेटी खुशी का नाम अब अनन्या हो गया है। इस अवसर पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





