
आगरा में तेज रफ्तार कार ने लोगों को रौंदा… पांच की मौत और दो घायल
Agra Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार अनियंत्रित होकर बाइक सवार और सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
क्या है पूरा मामला?
चश्मदीदों के अनुसार, कार चालक पुलिस चेकिंग से बचने के लिए तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। सबसे पहले उसने एक डिलीवरी बॉय को टक्कर मारी और फिर आगे बढ़ते हुए मां-बेटे समेत चार अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। कार 100 मीटर आगे जाकर डिवाइडर से टकराई और तीन बार पलटने के बाद एक घर के बाहर जा गिरी, जहां दो लोग उसके नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत कार को सीधा कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच को मृत घोषित किया।
यह भी पढ़ें…
Lucknow News: अलीगंज में आग का तांडव, फायर ब्रिगेड पर गिरा छज्जा
भीड़ ने चालक को पकड़ कर पीटा
हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में था। टक्कर के बाद कार का एयरबैग खुलने से उसकी जान बच गई। भीड़ ने कार का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। कार को जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें…
Ghaziabad: फ्लैट में आग लगने से मां बेटी झुलसीं, नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र इलाज के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन को हर संभव मदद मुहैया कराने का आदेश भी दिया गया।
पूरे नगला बूढ़ी क्षेत्र में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवार सदमे में हैं और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा के महत्व पर सवाल उठा रहे हैं। यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही की गंभीर चेतावनी है।
यह भी पढ़ें…





