
CM Yogi ने जनजाति भागीदारी उत्सव का किया शुभारंभ, बिरसा मुंडा को किया नमन
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में जनजाति भागीदारी उत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के नायक धरती आबा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि बिरसा मुंडा ने भारत की स्वतंत्रता के लिए जो संघर्ष किया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने जनजातीय समुदाय को “अपना देश, अपना राज” का नारा देकर विदेशी शासन के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। एक से 15 नवंबर तक आयोजित जनजाति गौरव पखवाड़ा के तहत देशभर में आदिवासी समाज के गौरव, संस्कृति और योगदान को सम्मानित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी जीवन शैली का प्रतिनिधित्व करता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश सहित 22 राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य, गीत, हस्तशिल्प, व्यंजन और लोककला का प्रदर्शन किया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनजातीय जनसंख्या भले ही कम है, लेकिन सरकार उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती में अनुसूचित जनजाति के आरक्षित सभी पद उसी समाज के युवाओं से भरे गए हैं। यह दर्शाता है कि शिक्षा और अवसरों के माध्यम से समाज में जागरूकता और प्रगति आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य की सभी जनजातियों — थारू, मुसहर, चेरो, बुक्सा, सहरिया, कोल, गौड़ आदि — को शासन की योजनाओं से जोड़ने का अभियान शुरू किया है। इन जनजातियों को पेयजल, बिजली, आवास, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और मुद्रा योजना जैसी सरकारी सुविधाओं से जोड़ा गया है।
यह भी पढ़ें…
प्रयागराज में दिखेगा भारत-जापान की संस्कृति का संगम, यमुना किनारे बनेगा ‘पब्लिक प्लाजा पार्क’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान संचालित है, जिसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। बिजनौर में बुक्सा जनजाति के 815 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, विद्युत कनेक्शन, पेयजल सुविधा, मोबाइल मेडिकल यूनिट और वनधन केंद्र जैसी सुविधाएं प्रदान की जा चुकी हैं।
सीएम योगी ने कहा कि धरतीआबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 26 जिलों के 47 ब्लॉकों में 517 जनजाति बहुल गांवों को सभी योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। इनमें सोनभद्र, बलिया, ललितपुर, देवरिया, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, गाजीपुर, मीरजापुर और प्रयागराज जैसे जिले शामिल हैं।
यह भी पढ़ें…
UP News: वाटरप्रूफ मोबाइल में घुसा पानी; कंपनी भरेगी 1.88 लाख
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जनजातीय परिवार विकास की धारा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, “धरती आबा बिरसा मुंडा का स्वराज का सपना अब सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत के रूप में साकार हो रहा है।”
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकारों, हस्तशिल्पकारों और साहित्यकारों ने हिस्सा लिया। सीएम योगी ने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच है, बल्कि “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को भी साकार करता है।
यह भी पढ़ें…





