प्रयागराज में दिखेगा भारत-जापान की संस्कृति का संगम, यमुना किनारे बनेगा ‘पब्लिक प्लाजा पार्क’

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज, जो अपनी धार्मिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है, अब भारत की सनातन संस्कृति और जापान की शिंतो संस्कृति के अनोखे मेल की साक्षी बनने जा रही है। योगी सरकार द्वारा महाकुंभ 2025 के भव्य आयोजन के बाद शहर में एक नया सांस्कृतिक आयाम जुड़ने वाला है — जापानी स्थापत्य और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से प्रेरित पब्लिक प्लाजा पार्क।

यमुना किनारे होगा जापानी स्थापत्य से सजा पार्क
नगर विकास विभाग की ओर से बनाए जा रहे इस पब्लिक प्लाजा पार्क का निर्माण अरैल क्षेत्र में शिवालय पार्क के पास लगभग 3 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जाएगा। इसकी कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (Construction and Design Services) है।

सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित कुमार राणा के अनुसार, पार्क की डिजाइन में भारतीय और जापानी संस्कृति के साझा स्थापत्य प्रतीकों का समावेश होगा।

पांच जोन में बंटेगा पार्क, दिखेगा आध्यात्मिक सौंदर्य
पार्क को पांच हिस्सों में बांटा जाएगा, जिनमें योग क्षेत्र, जेन गार्डन, जापानी गार्डन, आध्यात्मिक कला क्षेत्र, और सांस्कृतिक प्रदर्शन क्षेत्र शामिल होंगे। पार्क के मुख्य द्वार पर ‘टोरी गेट’ बनाया जाएगा, जो जापान की शिंतो संस्कृति का प्रतीक है।

इसके अलावा पार्क में मियावाकी पद्धति से घना वन (Miyawaki Forest) तैयार किया जाएगा। साथ ही यहां योग साधना, संगीत, नृत्य और ध्यान के लिए विशेष स्थान विकसित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें…

UP News: वाटरप्रूफ मोबाइल में घुसा पानी; कंपनी भरेगी 1.88 लाख

कला और अध्यात्म का साझा दर्शन
भारतीय “वसुधैव कुटुम्बकम्” और जापान के “वा” दर्शन में निहित समरसता, शांति और विश्व बंधुत्व की भावना इस पार्क की आत्मा होगी।
यहां स्थापित मूर्तियों और कलात्मक तत्वों के माध्यम से दोनों देशों की कला और आध्यात्मिक दर्शन को एक साथ अनुभव किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें…

रिश्वत मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा मैनेजर दोषी… लखनऊ CBI कोर्ट ने सुनाई सजा

प्रयागराज बनेगा सांस्कृतिक सेतु
महाकुंभ 2025 के बाद प्रयागराज को एक बार फिर वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित हो सकती है।

यह पार्क न केवल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि भारत-जापान के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊंचाई देगा।

यह भी पढ़ें…

गो तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में कुख्यात तस्कर अजय पत्थरकट्टा घायल

Back to top button