
UP में Tata Group का बड़ा प्लान; हजारों करोड़ के निवेश से नोएडा होगा कॉर्पोरेट हब…
UP News: टाटा ग्रुप (Tata Group) ने उत्तर प्रदेश में अपने निवेश को लेकर बड़ा संकेत दिया है। राज्य में औद्योगिक, ऊर्जा, हॉस्पिटैलिटी और कॉर्पोरेट सेक्टर में हजारों करोड़ रुपये के निवेश की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
टाटा संस (Tata Sons) के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अहम मुलाकात की। इस बैठक को उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यूपी में बढ़ेगा टाटा ग्रुप का निवेश
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में टाटा ग्रुप की विभिन्न कंपनियों के विस्तार और नए निवेश प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इसमें पावर प्लांट, मोटर व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के विस्तार और बड़े पैमाने पर हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट शामिल हैं। हालांकि, कुल निवेश राशि का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन यह निवेश हजारों करोड़ रुपये का बताया जा रहा है।
ताज ग्रुप के 60 नए होटल
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में टाटा ग्रुप की बड़ी योजना सामने आई है। एन. चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री को बताया कि ताज होटल्स, सिलेक्शन्स और विवांता ब्रांड के 30 होटल पहले से ही उत्तर प्रदेश में निर्माणाधीन हैं। इनके पूरा होने से प्रदेश में लगभग 1900 नए लग्जरी होटल रूम्स जुड़ जाएंगे।
इसके अलावा, साल 2026 तक 30 और नए होटल शुरू करने की योजना है। इससे उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से बढ़ते हॉस्पिटैलिटी मार्केट्स में शामिल हो जाएगा और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
नोएडा में स्टेट ऑफ दि आर्ट सिग्नेचर होटल
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नोएडा में टाटा ग्रुप एक अत्याधुनिक ‘स्टेट ऑफ दि आर्ट सिग्नेचर होटल’ विकसित करने जा रहा है। इससे न सिर्फ बिजनेस टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नोएडा की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में भी बनेगी।
अयोध्या और मथुरा-वृंदावन में सांस्कृतिक परियोजनाएं
टाटा ग्रुप अयोध्या में प्रस्तावित ‘म्यूज़ियम ऑफ टेम्पल’ परियोजना के पहले चरण को जनवरी 2027 तक पूरा करने पर भी काम कर रहा है। इस संग्रहालय में अत्याधुनिक तकनीक आधारित डिस्प्ले लगाए जाएंगे, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
इसके साथ ही मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में मानसी गंगा कुंड, श्याम कुंड, राधा कुंड, अष्टकाशी कुंड, नारी सेमरी कुंड, गरुड़ गोविंद कुंड और कृष्ण कुंड समेत आठ प्रमुख कुंडों के जीर्णोद्धार में भी टाटा ग्रुप सहयोग करेगा। प्रदेश के प्रमुख गंगा घाटों की स्वच्छता और संरक्षण में भी समूह की भागीदारी तय हुई है।
नोएडा बनेगा टाटा का कॉर्पोरेट हब
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से सटे नोएडा को टाटा ग्रुप अपने कॉर्पोरेट और कमर्शियल हब के रूप में विकसित करने जा रहा है। यहां चार से पांच आधुनिक ऑफिस बिल्डिंग्स का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। लक्ष्य है कि दिसंबर 2026 तक यह परियोजना पूरी हो जाए। इसके बाद नोएडा टाटा ग्रुप की बड़ी कॉर्पोरेट गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा।
यह भी पढ़ें…
कफ सिरप तस्करी मामले में एक्शन; आरोपी शुभम और विकास के खिलाफ NBW जारी
दो नए सोलर पावर प्लांट
ऊर्जा क्षेत्र में भी टाटा ग्रुप ने उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात देने की तैयारी की है। बुंदेलखंड और प्रयागराज में 50-50 मेगावाट क्षमता के दो नए सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। इससे राज्य में रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों में रूफटॉप सोलर सॉल्यूशन को तेज़ी से लागू करने पर भी काम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें…
यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरा बना जानलेवा; भीषण सड़क हादसे में भिड़ीं 7 बसें और 3 कारें
रोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि टाटा ग्रुप के इस व्यापक निवेश से उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। औद्योगिक विकास, पर्यटन, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में यह निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और यूपी को देश के अग्रणी निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।
यह भी पढ़ें…





