
लखनऊ में जुआरियों का कहर… दो युवकों पर चाकू और रॉड से हमला, हालत गंभीर
Lucknow News: लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब जुआ खेल रहे युवकों ने दो राहगीरों पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना सुभाष मार्ग स्थित राजेंद्र नगर इलाके की है, जहां खुलेआम जुआ खेला जा रहा था और हार-जीत को लेकर विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, दो युवक अपने एक दोस्त के साथ वहां से गुजर रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि कुछ युवक सड़क किनारे जुआ खेल रहे हैं और आपस में झगड़ रहे हैं। तीनों युवक कुछ देर रुककर यह विवाद देखने लगे। इसी बात से नाराज होकर जुआ खेल रहे युवकों ने उन्हें घूरना शुरू कर दिया और देखते ही देखते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई।
आरोप है कि जुआरियों ने अचानक हमला कर दिया। एक हमलावर ने चाकू निकालकर एक युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद अन्य हमलावरों ने दोनों युवकों को लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने की कोशिश करने पर तीसरे युवक को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।
हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरे युवक को भी कई जगह चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें…
UP News: एटा में कत्लेआम! दिनदहाड़े एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या…
घटना की सूचना मिलते ही नाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर जुआ खेलने, मारपीट, जानलेवा हमला और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…
RTE के तहत आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए निजी स्कूलों में प्रवेश शुरू
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजेंद्र नगर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से खुलेआम जुआ खेला जा रहा है, जिसकी शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और अवैध जुए के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें…





