
IND vs SA: दो ‘अजेय’ टीमों के बीच आज कड़ी टक्कर, जाने किसका पलड़ा है भारी?
IND vs SA T20 World Cup: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में रविवार को मुकाबला खेला जाना है। टी20 में अगर इन दोनों टीमों के आंकड़े पर नजर डालें, तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखाई देता है।
IND vs SA T20 World Cup Match Time Today 2026: आज भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 चरण का अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने जा रहा है। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें एक भी मैच नहीं हारीं और अब एक टीम की जीत का सिलसिला आज जरूर टूटेगा। ऐसे में इस मुकाबले पर सबकी नजरें रहने वाली हैं।
सुपर-8 में भारत की साउथ अफ्रीका से पहली भिड़ंत
दक्षिण अफ्रीका की टीम के पास कैगिसो रबादा, लुंगी नगिदी, मार्को जेनसेन, केशव महाराज और एडेन मार्करैम के रूप में मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है जो मौजूदा चैंपियन भारत की कड़ी परीक्षा लेने के लिए तैयार है। भारतीय टीम को ग्रुप चरण में खास चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा लेकिन वह इस बात से अच्छी तरह परिचित है कि उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार की जरूरत है।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक 35 टी20 मैच खेले गए हैं। इस दौरान भारत ने 21 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि साउथ अफ्रीका ने 13 मैचों में बाजी मारी है। इसके अलावा एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इस आंकड़ों को देखें, तो टीम इंडिया का पलड़ा काफी भारी दिखाई दे रहा है।
नॉकआउट में भारत-साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड
अगर नॉकआउट मुकाबलों की बात करें, तो यहां पर अब तक साउथ अफ्रीका एक भी बार भारत को नहीं हरा सका है। इन दोनों टीमों के बीच दो बार नॉकआउट मुकाबला खेला गया है और दोनों बार भारत ने जीत हासिल की है। ये दोनों टीमें 2014 में टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में भिड़ी थी और भारत ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 का ऐतिहासिक फाइनल भला ही कौन भूल सकता है।
हाल में कैसा रहा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड?
भारत और साउथ अफ्रीका के हालिया फॉर्म पर नजर डालें, तो दोनों ही टीमें बहुत ही खतरनाक दिखाई दे रही हैं। भारत ने अपने पिछले 5 टी20 मैचों में से पांचों में जीत हासिल की है। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका ने अपने पिछले 5 टी20 मैच में से 4 में जीत हासिल की है और एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
मैच के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज।
साउथ अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), रियान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, कागिसो रबाडा, एनरिक नॉर्खिया, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज, मार्को यानसन।





