
पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, गमछा लहराकर किया अभिवादन…
PM Modi inaugurates Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज को जनता को समर्पित किया। इस आधुनिक पुल का नाम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने पुल पर गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया।
नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया पुल का नाम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गंगा मैया पर बने इस आधुनिक पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। यह उनके लंबे राजनीतिक सफर, सेवा और समर्पण के प्रति बिहार की जनता के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में वर्षों तक बिहार की सेवा की और अब उनके मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास के अभियान को आगे बढ़ा रही है।
पहले घोटालों की चर्चा होती थी, अब निवेश पर ध्यान: पीएम मोदी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बिहार के पुराने और वर्तमान हालात की तुलना करते हुए कहा कि एनडीए सरकार के सत्ता में आने से पहले राज्य में घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि अब निवेश की बात हो रही है। पहले अपराध के आंकड़े सुर्खियों में रहते थे, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई चर्चा का विषय है।
उन्होंने कहा कि बिहार ने बीते वर्षों में विकास और सुशासन की नई दिशा पकड़ी है। जिस राज्य को लंबे समय तक बदहाली का सामना करना पड़ा, वहां अब विकास की नई उम्मीदें दिखाई दे रही हैं।
100 आधुनिक ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने बताया कि शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ईबसों को हरी झंडी दिखाई गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सुविधाएं बढ़ेंगी।
सड़क और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे का लोकार्पण भी किया गया है। नीतीश सेतु के शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा और दूरी तय करने में लगने वाला समय कम होगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, कृषि और परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा और शहरी विकास में तेजी से बदल रहा बिहार
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क नेटवर्क के साथ ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। एक समय राज्य के हजारों गांव बिजली की सुविधा से वंचित थे, लेकिन आज बिहार बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने बक्सर थर्मल पावर प्लांट और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे राज्य की ऊर्जा क्षमता मजबूत होगी।
किसानों और युवाओं को मिलेगा विकास का लाभ
पीएम मोदी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों की फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे किसानों को लाभ मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से युवाओं को शिक्षा और बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी।
छठी मैया के आशीर्वाद से विकास का पर्व: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली को चुना गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उनकी आत्मा भी आज बिहार के विकास कार्यों को देखकर प्रसन्न हो रही होगी।





