
T20 World Cup: सचिन-कोहली की राह पर रिंकू सिंह! दुख के बीच चुना देश का कर्तव्य
T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वहीं, पिता के अंतिम संस्कार के बाद रिंकू सिंह आज टीम इंडिया से जुड़ने के लिए रवाना हो जाएंगे।
T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया के बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) को लेकर बहुत ही मुश्किल समय चल रहा है. कैंसर से पीड़ित पिता के निधन के चलते शुक्रवार को रिंकू सिंह (Rinku Singh) अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए अपने गृहनगर अलीगढ़ लौटे, तो करोड़ों भारतीय प्रशंसक चिंता में डूब गए कि आगे क्या होगा. तमाम तरह की चर्चाएं कि अब रिंकू वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं? अगर नहीं खेले, तो रिंकू की टीम में जगह कौन लेगा? वगैरह..वगैरह। लेकिन अलीगढ़ के लाल ने फिर राष्ट्र प्रथम साबित कर दिया।
पिता के आखिरी शब्द बनेगी रिंकू की ताकत
एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में जब रिंकू सिंह ने विजयी चौका लगाया था, तो पिता खानचंद का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था, और उन्होने एक इंटरव्यू में बहुत ही फक्र के साथ कहा था, “मेरा रिंकू तो स्टार है।”
इसी तरह टी-20 विश्व कप के मुकाबले में जब रिंकू ने पाकिस्तान के खिलाफ शाहीन अफरीदी को छक्का लगाया था, तब भी बीमारी से जूझ रहे पिता की आंखों में चमक आ गई थी। उन्होंने कहा था, “इस छक्के ने और भारत की जीत ने मुझे ठीक कर दिया।” वही शब्द अब रिंकू के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बन गए हैं।
धोनी और सचिन जैसी कर्तव्यनिष्ठा
बहन नेहा और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे परिवार को ढांढस बंधाने के बाद रिंकू ने भारी मन से लेकिन मजबूत इरादे के साथ देश के लिए खेलने का संकल्प लिया है।
भारतीय टीम इस समय सेमीफाइनल की दौड़ में है। रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद निर्णायक मैच है। रिंकू शनिवार को अलीगढ़ से निकलकर सीधे टीम इंडिया के बायो-बबल में शामिल होंगे।





