IND vs NZ: फाइनल जीतने के लिए टीम इंडिया का ‘टोटका’, बदला होटल और ड्रेसिंग रूम

IND vs NZ Final: भारतीय टीम को मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अपनी इकलौती हार अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली थी। अब न्यूजीलैंड संग फाइनल भी इसी मैदान पर है।

IND vs NZ Final: अहमदाबाद में होने वाले भारत-न्यूजीलैंड सुपर फाइनल से पहले टीम इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है. 2023 फाइनल की हार का असर खत्म करने के लिए टीम ने ड्रेसिंग रूम और होटल बदल दिया है. इन टोटकों के साथ खिलाड़ी नए माहौल में जीत की तैयारी कर रहे हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम ने अहमदाबाद मे अपना होटल बदल लिया है, ताकि पिछली बुरी यादों से दूरी बनाई जा सके और किस्मत को अपने पक्ष में किया जा सके।

ड्रेसिंग रूम में किया गया बदलाव 

2023 के फाइनल में मिली हार टीम के लिए एक बुरी याद है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उस हार के इतिहास को मिटाने के लिए टीम ने ड्रेसिंग रूम बदलने का फैसला किया है. मैच के दिन भारतीय टीम उस ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेगी, जो हमेशा मेहमान टीम को दिया जाता है. वहीं, जो होम ड्रेसिंग रूम है, वह न्यूजीलैंड की टीम को दिया जाएगा. टीम पुराने खराब रिकॉर्ड वाले माहौल से दूर रहना चाहती है.

खिलाड़ियों का होटल भी बदला गया 

मैदान के अंदर ही नहीं, मैदान के बाहर भी बड़े बदलाव किए गए हैं. अहमदाबाद में टीम इंडिया के ठहरने की जगह बदल दी गई है. 2023 के वर्ल्ड कप के समय भारतीय टीम जिस होटल में रुकी थी, इस बार टीम वहां नहीं रुकी है. खिलाड़ियों के लिए एक बिल्कुल नया होटल बुक किया गया है. यह भी टोटके का ही एक हिस्सा है ताकि खिलाड़ी नए माहौल में जाकर सकारात्मक सोच के साथ फाइनल की तैयारी कर सकें.

काली पिच पर मिली थी दो बड़ी हार

अहमदाबाद के इसी मैदान पर भारतीय टीम ने दो बहुत बड़ी हार का सामना किया है. पहली हार 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली थी, जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत का खिताब जीतने का सपना तोड़ा था. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मैच में भी साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया था. ये दोनों ही हार काली मिट्टी वाली धीमी पिच पर मिली थी. इसी वजह से टीम ने अब धीमी पिच की जगह मिक्स मिट्टी पर खेलने का फैसला किया है.

पिच में हुआ बड़ा बदलाव

टीम इंडिया ने अपनी सबसे बड़ी कमजोरी यानी धीमी पिच के जाल को अब पूरी तरह खत्म करने का फैसला किया है. रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए मिक्स मिट्टी वाली पिच तैयार की जा रही है. इस नई पिच में 70 प्रतिशत लाल मिट्टी का इस्तेमाल किया जाएगा. लाल मिट्टी वाली यह पिच बैटिंग के लिए बहुत बढ़िया मानी जाती है. इस पिच पर गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह से आएगी.

Back to top button