T20 World Cup: बुमराह की यॉर्कर, सैमसन का सुपर शो… टीम इंड‍िया ने T20 में फोड़े रिकॉर्ड

T20 World Cup Final Stats: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत लिया है, इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप तीसरी बार जीता और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

T20 World Cup Final Stats: भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर पूरी दुनिया में अपना दम दिखाया है. रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। खास बात यह भी रही कि भारत पहला देश बना जिसने T20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड किया और अपने घर में भी ट्रॉफी जीती. इससे पहले कोई भी डिफेंडिंग चैम्प‍ियन फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया था

1: तीन टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश 

भारत अब तीन बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है. टीम ने इससे पहले 2007 और 2024 में खिताब जीता था. वहीं वेस्टइंडीज (2012, 2016) और इंग्लैंड (2010, 2022) ने यह ट्रॉफी दो-दो बार जीती है।

2: 2 वर्ल्ड कप लगातार जीतने वाला और घर में ऐसा करने वाला पहला देश 

इतना ही नहीं, भारत लगातार दो T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गया. इससे पहले कोई भी डिफेंडिंग चैम्प‍ियन फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया था. भारत ने यह खिताब अपने घर में जीतकर एक और इतिहास रच दिया.

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का T20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड पहले 0-3 था, लेकिन इस जीत के साथ अब यह 1-3 हो गया. वहीं श्रीलंका एकमात्र ऐसी टीम है जिसे भारत अब तक इस टूर्नामेंट में नहीं हरा पाया है

3: फाइनल में बना सबसे बड़ा स्कोर

अहमदाबाद में भारत ने 255/5 रन बनाए, जो किसी भी T20 इंटरनेशनल नॉकआउट मैच का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 253/7 रन बनाए थे.

4: T20 वर्ल्ड कप फाइनल में इससे पहले कोई भी टीम 200 रन तक नहीं पहुंची थी. वहीं किसी भी T20I फाइनल का पिछला सबसे बड़ा स्कोर 244/4 था, जो 2024 में इटली ने रोमानिया के खिलाफ सब रीजनल क्वाल‍िफायर में बनाया था.

5: भारत की रिकॉर्ड जीत

भारत ने यह मैच 96 रन से जीता, जो T20 वर्ल्ड कप में उसकी सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत ने इसी टूर्नामेंट में नामीबिया को 93 रन से हराया था. वहीं न्यूजीलैंड के लिए यह T20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी हार बन गई. दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड की T20I में तीन सबसे बड़ी हार में से दो अहमदाबाद में भारत के खिलाफ आई हैं.

6: बुमराह का टी20 में पहला ‘चौका’

जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में 4/15 की शानदार गेंदबाजी की. यह उनके T20 इंटरनेशनल करियर का पहला चार विकेट हॉल भी है. T20 वर्ल्ड कप फाइनल में चार विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने. उनसे पहले 2012 में अजंता मेंडिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 4/12 विकेट लिए थे.

7: 250+ रन का अनोखा रिकॉर्ड

भारत लगातार दो T20I मैचों में 250 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम बन गई. सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन बनाए थे. इससे पहले पुरुष T20 क्रिकेट में लगातार 250+ स्कोर का रिकॉर्ड केवल आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के नाम था.

8: अभिषेक का तूफानी अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंद में फिफ्टी जड़ी, जो T20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे तेज अर्धशतक है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 19 गेंद का था. जे फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों पर और जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ इसी हफ्ते  सेमीफ़ाइनल में बनाया था. अभिषेक T20 इंटरनेशनल में चार बार पावरप्ले के अंदर अर्धशतक लगा चुके हैं, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे ज्यादा है.

9: सैमसन का ऐतिहासिक टूर्नामेंट

संजू सैमसन ने फाइनल में 89 रन बनाए, जो T20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 85 रन का था. मार्लन सैमुअल्स ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 85 रन बनाए थे, जबकि केन विलियमसन ने भी 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 रन बनाए थे.

सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में 321 रन बनाए, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक एडिशन में सबसे ज्यादा हैं. इससे पहले 2014 में विराट कोहली ने 319 रन बनाए थे.

सैमसन ने सेमीफाइनल और फाइनल में ही 178 रन बनाए, जो किसी एक एडिशन के नॉकआउट में सबसे ज्यादा हैं. इसके अलावा उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 24 छक्के लगाए, जो T20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा हैं.

10: ओपनिंग जोड़ी का कमाल

अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने 98 रन की साझेदारी की, जो T20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भी ओपनिंग जोड़ी की सबसे बड़ी साझेदारी है. भारत ने पावरप्ले में 92/0 रन बनाए, जो T20 वर्ल्ड कप इतिहास का संयुक्त सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है.

Back to top button