
Shivam Dube: थर्ड AC से मुंबई पहुंचा टीम इंडिया का स्टार, ट्रेन में छुपकर किया सफर
Shivam Dube: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गेंद को हवाई यात्रा कराने वाले शिवम दुबे को अहमदाबाद से मुंबई के लिए फ्लाइट नहीं मिली तो उन्होंने ट्रेन का सहारा लिया.
T20 World Cup 2026, Shivam Dube in Public: T20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने कुछ ऐसा किया जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। अहमदाबाद में फाइनल जीतने के बाद दुबे को मुंबई पहुंचना था, लेकिन जाने का जो तरीका चुना, वो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उन्होंने इस मजेदार यात्रा की कहानी सुनाई और बताया कि उन्हें घर पहुंचने की क्यों जल्दबाजी थी.
ट्रेन से क्यों किया सफर?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार फाइनल के बाद दुबे को जल्द से जल्द मुंबई पहुंचना था क्योंकि उनके चार साल के बेटे अयान और दो साल की बेटी मेहविश घर पर उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स फुल थीं. ऐसे में उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया.
दुबे अपनी पत्नी अंजुम खान और एक दोस्त के साथ सुबह 5:10 बजे वाली ट्रेन में सवार हुए. उन्हें 3rd AC में टिकट मिल गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बुकिंग कर ली. हालांकि उन्हें इस बात की चिंता भी थी कि कहीं कोई उन्हें पहचान न ले.
पहचान छुपाने के लिए अपनाया खास तरीका
ट्रेन में सफर के दौरान दुबे ने अपनी पहचान छुपाने के लिए कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहनी. स्टेशन पर ज्यादा भीड़ से बचने के लिए वह ट्रेन के रवाना होने से ठीक पांच मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और जल्दी से ट्रेन में चढ़ गए. ट्रेन में बैठते ही वह सीधे ऊपर वाली बर्थ पर चले गए ताकि ज्यादा लोगों की नजर उन पर न पड़े. यात्रा के दौरान जब टिकट चेकर आया तो उनकी पत्नी ने भी समझदारी से स्थिति संभाल ली और किसी को शक नहीं होने दिया.
मुंबई पहुंचकर लेनी पड़ी पुलिस की मदद
दुबे ने बताया कि ट्रेन का सफर आराम से पूरा हो गया और किसी को उनकी पहचान नहीं हो पाई।.हालांकि उन्हें अंदाजा था कि मुंबई पहुंचने के बाद फैंस की भीड़ हो सकती है. इसलिए उन्होंने बोरिवली स्टेशन पर उतरने से पहले ही पुलिस से संपर्क कर लिया ताकि सुरक्षित तरीके से घर पहुंच सकें. भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद दुबे का यह सादा और दिलचस्प सफर अब सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बीते रविवार को फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था. दुबे जीत के नायकों में से एक थे. स्लॉग ओवरों में उन्होंने 8 गेंदों में 3 चौके और दो छक्कों के दम पर नाबाद 26 रनों की पारी खेली थी. भारत की जीत के बाद दुबे ने जमकर जश्न बनाया. स्टैंड से फैन दुबे-दुबे चिल्ला रहे थे.





