
Rinku Singh को CM योगी का तोहफा, यूपी में बनेंगे स्पोर्ट्स ऑफिसर
UP sports award ceremony: लखनऊ के लोकभवन में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। क्रिकेटर रिंकू सिंह को आरएसओ पद पर नियुक्ति मिलेगी।
UP sports award ceremony: क्रिकेटर Rinku Singh को आज सरकारी नौकरी मिल जाएगी. लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उन्हें नियुक्ति पत्र देंगे। रिंकू सिंह (Rinku Singh) को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर बनाया जाएगा। इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स के अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी व प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी के पद पर नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्तियां ओलंपिक, पैरालंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और अन्य विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के तहत की गई हैं।
रिंकू सिंह को मिलेगा RSO पद
समारोह में क्रिकेटर रिंकू सिंह को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए खेल विभाग में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (आरएसओ) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्ति प्रदेश सरकार की खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की नीति का हिस्सा है।
इन्हें भी मिलेगा नियुक्ति पत्र
गाजियाबाद की सुमिरन, पैरा ओलंपिक में 200 मीटर दौड़ की कांस्य पदक विजेता, को भी जिला पंचायती राज अधिकारी बनाया गया है. मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल, जिन्होंने पैरा एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीते, को खंड विकास अधिकारी (BDO) पद का नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
इस कार्यक्रम में लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे. खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए यह समारोह खास होगा, क्योंकि यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है.





