
Lucknow: सपा विधायकों ने घेरा नगर निगम, पानी-सड़क-सफाई को लेकर प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ में नगर निगम मुख्यालय पर सपा नेताओं और पार्षदों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने हाउस टैक्स और सीवर टैक्स में मनमानी का आरोप लगाया। क्षेत्र में पानी, सड़क और सफाई की समस्याएं बनी हुई हैं।
Lucknow News:लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा सोमवार को अपने पार्षदों और नेताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने नगर निगम का घेराव करते हुए मुख्यालय परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर बैठकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पिछले कई दिनों से उनके विधानसभा क्षेत्र में पानी, सड़क और साफ-सफाई की समस्या बनी हुई है। लेकिन, नगर निगम की लापरवाही से कोई काम नहीं हो रहा है।
17 वार्डों की खराब पड़ी हैं टंकियां, कई जगहों पर मिल रहा है सीवर का पानी
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। 17 वार्डों की पानी टंकियां खराब पड़ी हैं, जिनकी तत्काल मरम्मत की जरूरत है। इसके अलावा कई जगहों पर पेयजल पाइपलाइन में सीवर का पानी मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य संकट पैदा हो रहा है।
सड़क और सफाई व्यवस्था पर भी विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि छत्ते वाले पुल के पास सड़कें बेहद जर्जर हालत में हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही खुले नालों को ढकने की मांग भी उठाई गई, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़े- कांग्रेसी नेता की तारीफ में CM Yogi… Tej Pratap Shahi के व्यक्तित्व को बताया खास
8 वार्डों में नहीं है स्ट्रीट लाइटें
प्रदर्शन के दौरान यह भी सामने आया कि 8 वार्डों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। वहीं सफाईकर्मियों की कमी के चलते सफाई व्यवस्था और सीवर सिस्टम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विधायक ने नगर निगम से खराब ट्यूबवेल को जल्द ठीक करने और नए ट्यूबवेल लगाने की मांग की। ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी सपा विधायक ने चिंता जताई। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर जाम से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
ये भी पढ़े- UP News: CM Yogi का सख्त संदेश, विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं…
प्रदर्शन के बाद नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की गई। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ये भी पढ़े- मंच पर भावुक हुए CM Yogi… बोले-हर अंबेडकर प्रतिमा को मिलेगा सम्मान





