Lucknow News: जनेश्वर मिश्र पार्क में गार्ड की गुंडागर्दी, परिवार के सामने युवक को जूते से पीटा

Janeshwar Mishra Park Lucknow: लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां एक सुरक्षा गार्ड ने टिकट चेकिंग विवाद में पर्यटक को सरेआम जूते से पीटा।

Janeshwar Mishra Park Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एशिया के सबसे बड़े पार्कों में शुमार ‘जनेश्वर मिश्र पार्क’ से सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठाने वाली एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पार्क में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घूमने आए एक युवक को वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने सरेआम जूते से बुरी तरह पीट दिया। गार्ड यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने युवक को जमीन पर गिराकर बेरहमी से घसीटा।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एलडीए ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

टिकट चेकिंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब पीड़ित युवक अपनी पत्नी और नन्हे बच्चे के साथ पार्क में घूमने पहुंचा था। परिवार बाकायदा टिकट लेकर पार्क के अंदर दाखिल हुआ था। इसी दौरान प्रवेश द्वार पर टिकट चेकिंग को लेकर युवक और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by LiveNewIndia (@livenewindia01)

 

आरोप है कि विवाद के दौरान सुरक्षा गार्ड ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसका युवक ने विरोध किया। इसके बाद गार्ड का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने तैश में आकर अपना जूता निकाल लिया और युवक की पत्नी व मासूम बच्चे के सामने ही उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

कॉलर पकड़कर जमीन पर घसीटा, चीखती रही पत्नी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी गार्ड ने युवक को जमीन पर गिरा दिया और उसका कॉलर पकड़कर उसे बेरहमी से घसीटता रहा। इस दौरान युवक की पत्नी और बच्चा जोर-जोर से रोते-चिल्लाते हुए मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन काफी देर तक पार्क में मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी या लोग बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आए।

ये भी पढ़े- Lucknow: बिजली चोरी पकड़ने गए JE पर हमला; पहले पीटा, फिर छोड़ दिया पालतू कुत्ता

उद्यान अधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद जनेश्वर मिश्र पार्क की सुरक्षा और प्रबंधन की देखरेख करने वालीं उद्यान अधिकारी शशि भारती की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का आरोप है कि पार्क में सुरक्षाकर्मियों द्वारा अभद्रता और हाथापाई की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अधिकारियों की ढिलाई के कारण गार्डों के हौसले बुलंद हैं।

आरोप यह भी है कि उद्यान अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं देतीं और इस मामले में भी उनका पक्ष जानने के लिए जब संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

ये भी पढ़े- BHU हॉस्टल के मेस में बनी सब्जी में मरी छिपकली, गुस्साए छात्रो ने की नारेबाजी

Back to top button