
IIT की डिग्री, मोबाइल में ‘पाप’ की कुंडली, IITian बाबा के फोन में मिले रोंगटे खड़े करने वाले राज
IITian Baba Abhishek Mishra: मथुरा के राधाकुंड से गिरफ्तार, IITian बाबा अभिषेक मिश्रा के मोबाइल से पुलिस को BTech और MBA पास लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और कई हाई-प्रोफाइल कॉन्टैक्ट्स मिले हैं।
IITian Baba Abhishek Mishra: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से गिरफ्तार हुए कथित ‘आईआईटीयन बाबा’ अभिषेक मिश्रा (IITian Baba Abhishek Mishra) मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। ऑनलाइन गीता ज्ञान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन की आड़ में युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले इस हाई-प्रोफाइल बाबा का मोबाइल फोन अब पुलिस के लिए सबूतों का सबसे बड़ा खजाना बन गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच और आरोपी के मोबाइल डेटा को खंगालने पर जो चीजें सामने आई हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों और आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है।
मोबाइल में मिले लड़कियों के अंतरंग वीडियो
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी अभिषेक मिश्रा के मोबाइल फोन से कई युवतियों के साथ आपत्तिजनक और अंतरंग पलों (Intimate Moments) के वीडियो और तस्वीरें बरामद हुई हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस जालसाज बाबा का शिकार बनीं ज्यादातर लड़कियां बेहद पढ़ी-लिखी हैं, जिनमें BTech, MBA और अन्य उच्च शिक्षण डिग्रियां हासिल कर चुकीं युवतियां शामिल हैं।
आरोप है कि अभिषेक मिश्रा पहले इन पढ़ी-लिखी लड़कियों का ऑनलाइन अध्यात्म के नाम पर ब्रेनवाश (बौद्धिक नियंत्रण) करता था, फिर उन्हें राधाकुंड (Mathura) बुलाकर नशीला पदार्थ या ‘प्रसादी दूध’ देकर उनका यौन शोषण करता था।
हाई-प्रोफाइल कॉन्टैक्ट लिस्ट ने उड़ाए पुलिस के होश
अभिषेक मिश्रा के मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट खंगालने पर पुलिस को कई रसूखदार और हाई-प्रोफाइल लोगों के नंबर मिले हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रैकेट के तार अन्य राज्यों या बड़े सिंडिकेट से भी जुड़े हैं। मोबाइल में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों की लड़कियों और उनके परिजनों के नंबर भी सेव हैं, जिनसे आरोपी लगातार संपर्क में था या जिन्हें वह ब्लैकमेल कर रहा था।
ये भी पढ़े- UP News: कमरे में लिखा था बंटी-बबली ने मारा है…, प्रयागराज में कारोबारी के घर मिलीं 4 लाशें
IIT करने के बाद 2022 में आया था राधाकुंड
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि बाबा बने अभिषेक मिश्रा के परिजन भुवनेश्वर में रहते हैं। अभिषेक ने आईआईटी रुड़की से वर्ष-2017 से 2021 तक मैकेनिकल इंजीनियरिंग से बीटेक करने के बाद एक साल तक मुम्बई की मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब किया था। शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही उसने गीता ज्ञान से प्रेरित होकर ऑनलाइन भागवत गीता ज्ञान देने की योजना बनाई थी।
इसके बाद वर्ष-2022 में अपनी मां के साथ राधाकुंड आकर किराए के मकान में रहने लगा। बाद में अपना खुद का मकान बना लिया। इस दौरान उसके सम्पर्क में आईआईटी, बीटेक व अन्य डिग्रीधारी युवक-युवतियां इसके सम्पर्क में आये और वह राधाकुंड आ गये।
ये भी पढ़े- Lucknow News: बर्थडे पार्टी बुकिंग के बहाने बुलाया, फोटोग्राफर से लाखों के कैमरे और लेंस लूटे
डिग्रीधारी युवक-युवतियां इसके सम्पर्क में
मथुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया था, जहां से दो अन्य युवतियां भी बरामद हुई थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के फोन से मिली सामग्री को पुख्ता सबूत बनाने के लिए फोरेंसिक जांच (Forensic Examination) के लिए भेजा जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले कथित बाबाओं की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





