
Delhi Fire: दिल्ली होटल मेंअग्निकांड में अबतक 21 मौते, अपनों को ढूंढ रहे परिजन…
Delhi Malviya Nagar Fire Updates: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल ‘फ्लरिश इन‘ (Hotel Flourish Inn) में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 से अधिक लोगों की मौत हो गई। होटल के पास फायर NOC नहीं था।
Delhi Malviya Nagar Fire Updates: देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण जिला स्थित मालवीय नगर इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ बुधवार सुबह एक होटल में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में अब तक 21 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जिस होटल में यह भयानक हादसा हुआ, उसका नाम ‘होटल फ्लरिश इन’ (Hotel Flourish Inn) बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला (रेस्क्यू किया)। धुएं और आग की चपेट में आने से बचाव कार्य में जुटे 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।
मैक्स अस्पताल में इलाज कराने आए लोग ठहरे थे
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस होटल में ज्यादातर वो लोग ठहरे हुए थे जो दिल्ली से बाहर के रहने वाले थे और पास ही स्थित मैक्स अस्पताल (Max Hospital, Saket) में अपना या अपने परिजनों का इलाज करवाने दिल्ली आए थे। सुबह जब अचानक आग लगी, तो चीख-पुकार मच गई।

होटल का मेन गेट था बंद, नहीं था फायर NOC
हादसे के बाद इस होटल को लेकर कई चौंकाने वाले और बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि इस होटल की इमारत में एंट्री (प्रवेश) और एग्जिट (निकास) के लिए केवल एक ही गेट था। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जब आग लगी तब होटल का मेन गेट पूरी तरह बंद था, जिससे लोग चाहकर भी तुरंत बाहर नहीं भाग सके।

नियमों के मुताबिक, जिस इमारत में एंट्री और एग्जिट का एक ही रास्ता हो, उसे फायर सेफ्टी विभाग से एनओसी (No Objection Certificate) मिल ही नहीं सकती। यह होटल बिना किसी वैध फायर एनओसी के धड़ल्ले से चलाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि मालवीय नगर इलाके में ऐसी कई इमारतें हैं जिन्हें अवैध रूप से होटलों में तब्दील कर दिया गया है। तय अनुमति से अधिक कमरे बनाकर नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
ये भी पढ़े- Delhi Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में भीषण आग, 20 लोग जिंदा जले
होटल मालिक पर गैर-इरादतन हत्या का केस
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। पुलिस ने ‘होटल फ्लरिश इन’ के मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने और गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide Not Amounting to Murder) का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने भी घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि इस अवैध निर्माण और कोताही के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सरकार और एमसीडी (MCD) का रुख
एमसीडी मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि निगम के सीनियर अधिकारी और कमिश्नर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा भी पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मेयर ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब पूरी दिल्ली में सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष निरीक्षण (Inspection) अभियान चलाया जाएगा और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
हादसे के दौरान हौजरानी गांव के स्थानीय लोगों और मैक्स अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया. वसीम राजा और उनके साथियों ने धुएं से बेहोश लोगों को सीपीआर दिया, जबकि मोहम्मद अफजल ने साथियों के साथ गद्दे और बेडशीट की मदद से लोगों को सुरक्षित निकालने में सहयोग किया.





