Lucknow News: LDA में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखो की ठगी, मां-बेटे ने थमाया फर्जी लेटर

Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में नौकरी और बिजनेस ठेका दिलाने के नाम पर एक युवक से 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ठगी और जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में नौकरी और बिजनेस कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के नाम पर एक युवक से ₹30 लाख की बड़ी रकम ठग ली गई। पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए आरोपियों ने बकायदा एक फर्जी नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) भी थमा दिया। जब पीड़ित ने एलडीए ऑफिस जाकर इसकी जांच कराई, तब जाकर उसे इस बड़े स्कैम का अहसास हुआ। पुलिस ने इस मामले में मां और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दो बार में लिए ₹30 लाख

यह पूरा मामला लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित वारिस अली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी सुमायरा रब्बानी खुद को एलडीए में कार्यरत बताती थी। उसने और उसके बेटे अली अब्दुल्लाह ने वारिस को एलडीए में अच्छी नौकरी और आकर्षक ठेका दिलाने का झांसा दिया।

उनकी बातों में आकर वारिस ने जनवरी 2024 में सबसे पहले अली अब्दुल्लाह के ICICI बैंक खाते में ₹5 लाख ट्रांसफर किए। इसके बाद, आरोपियों के लगातार दबाव बनाने पर मार्च 2024 में पीड़ित ने ₹25 लाख की भारी-भरकम राशि नकद (Cash) के रूप में आरोपियों को सौंप दी।

ऐसे खुला फर्जीवाड़े का राज

पैसे ऐंठने के कुछ समय बाद आरोपी सुमायरा रब्बानी ने वारिस को एक आधिकारिक दिखने वाला पत्र सौंपा। सुमायरा ने उससे कहा कि जब वह कहेगी, तभी इस पत्र को लेकर एलडीए ऑफिस जाना। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कोई काम नहीं हुआ, तो वारिस को शक होने लगा।

वह खुद पत्र लेकर गोमती नगर स्थित एलडीए (LDA) कार्यालय पहुंचा और वहां अधिकारियों से इस पत्र की सत्यता जांची। जांच में पता चला कि वह नियुक्ति पत्र पूरी तरह से फर्जी और जाली था।

ये भी पढ़े- UP News: NEET फेल बना ‘ब्रिगेडियर’; किराए पर लाए कमांडो, भौकाल देख सेना भी दंग!

फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने न तो नौकरी मिलने और न ही कोई ठेका मिलने पर अपने ₹30 लाख वापस मांगे, तो मां-बेटे अपनी बात से मुकर गए और टालमटोल करने लगे। वारिस जब पैसे वापस लेने उनके घर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, धक्का देकर घर से भगा दिया और दोबारा आने पर फर्जी मुकदमों में फंसाने व गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।\

ये भी पढ़े- लखनऊ में बनेगा नया अर्बन हब: लुलु मॉल के पास स्काई वॉक, रूफटॉप रेस्टोरेंट…

पुलिस ने दर्ज की FIR

इस मामले पर कैसरबाग थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) अंजनि मिश्रा ने बताया कि पीड़ित वारिस अली की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। आरोपियों को जल्द ही पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया जाएगा और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े- प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के खिलाफ शिकायत, प्रशासनिक हलकों में हलचल…

Back to top button