
Google का नया Information Agent फीचर लॉन्च, अब ऑटोमैटिक मिलेगा हर टॉपिक का अपडेट
Google AI Ultra: गूगल ने अपने AI Mode में नया “Information Agents” फीचर लॉन्च कर दिया है, जो यूजर्स की ओर से किसी भी विषय पर 24×7 नजर रखेगा और नई जानकारी मिलने पर खुद अपडेट भेजेगा। फिलहाल यह सुविधा Google AI Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।
गूगल सर्च के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ प्रोडक्ट रॉबी स्टेन ने इस फीचर की घोषणा करते हुए बताया कि Information Agents पूरे इंटरनेट पर किसी चुने हुए विषय को ट्रैक कर सकते हैं। यूजर को केवल AI Mode में जाकर “Keep me updated on this topic” कहना होगा, जिसके बाद एजेंट उस विषय की लगातार निगरानी शुरू कर देगा।
कैसे काम करेगा नया फीचर?
यह AI एजेंट न्यूज वेबसाइट्स, ब्लॉग्स, सोशल मीडिया पोस्ट्स और गूगल के रियल-टाइम फाइनेंस, शॉपिंग व स्पोर्ट्स डेटा को स्कैन करता है। जैसे ही संबंधित विषय पर कोई नई जानकारी सामने आती है, यूजर को विस्तृत अपडेट और संबंधित वेब लिंक के साथ नोटिफिकेशन मिलता है।
फिलहाल केवल Ultra यूजर्स को मिलेगा एक्सेस
Google ने मई 2026 में आयोजित Google I/O इवेंट में इस फीचर का ऐलान किया था। कंपनी ने कहा था कि इसे AI Pro और AI Ultra दोनों सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन शुरुआती चरण में केवल AI Ultra यूजर्स को इसका एक्सेस दिया गया है। AI Pro और फ्री यूजर्स के लिए रोलआउट की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
सर्च का भविष्य बदलने की तैयारी
गूगल का मानना है कि आने वाले समय में सर्च केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि AI खुद यूजर्स के लिए जानकारी जुटाकर उपलब्ध कराएगा। इसी दिशा में कंपनी जल्द ही अमेरिका में AI आधारित एजेंटिक बुकिंग सुविधा भी लॉन्च करने जा रही है, जिससे यूजर्स AI की मदद से सीधे बुकिंग कर सकेंगे।





