Lucknow News: लखनऊ में दर्दनाक हादसा, लोहे के गेट के नीचे दबी 2 साल की मासूम

Lucknow News: लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां घर का लोहे का गेट गिरने से दो वर्षीय मासूम बच्ची अन्वी की मलबे में दबकर मौत हो गई।

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झझोंर देने वाली घटना सामने आई है। मोहिद्दीनपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक घर का भारी लोहे का गेट अचानक उखड़कर दो साल की मासूम बच्ची पर गिर गया। गेट के नीचे दबने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

खाना खाते-खाते बाहर निकली थी मासूम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहिद्दीनपुर निवासी सूरज कुमार पेशे से मजदूर हैं। शुक्रवार सुबह वह अपनी पत्नी सीमा, चार वर्षीय बेटी सृष्टि और दो वर्षीय छोटी बेटी अन्वी के साथ घर में बैठकर खाना खा रहे थे। सूरज अपनी छोटी बेटी अन्वी को अपने हाथों से निवाला खिला रहे थे, तभी खेलते-खेलते अन्वी अचानक उठकर बाहर मुख्य दरवाजे की तरफ चली गई।

ये भी पढ़े- UP ATS की रेड से गांव में मचा हड़कंप, गिरफ्तारी के बाद उठे कई सवाल…

अचानक हुआ तेज धमाका

अन्वी के बाहर जाते ही कुछ ही सेकंड्स में बाहर से एक जोरदार आवाज आई। आवाज सुनते ही सूरज खाना छोड़कर बाहर की तरफ भागे। बाहर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का बड़ा लोहे का गेट अपनी जगह से उखड़कर जमीन पर गिरा हुआ था और उनकी मासूम बेटी अन्वी उसके नीचे पूरी तरह दबी हुई थी।

घरवालों ने आनन-फानन में भारी गेट को हटाकर लहूलुहान हालत में अन्वी को बाहर निकाला। परिवार वाले उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर लेकर भागे, लेकिन डॉक्टर के पास पहुंचने से पहले ही मासूम ने तड़पकर दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

ये भी पढ़े- UP Weather: यूपी में फिर लौटा भीषण गर्मी का दौर, 26 जिलों में लू का ‘यलो अलर्ट’

Back to top button