
UP Weather: यूपी में फिर लौटा भीषण गर्मी का दौर, 26 जिलों में लू का ‘यलो अलर्ट’
UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रयागराज और वाराणसी समेत 26 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती बारिश के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. राज्य में भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप का दौर लौट आया है। आसमान से बरसती आग और उमस ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज प्रयागराज और वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के 26 से अधिक जिलों में भीषण लू (Heatwave) चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों तक प्रदेशवासियों को इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। तापमान में अभी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
प्रयागराज रहा सबसे गर्म
बीते 24 घंटों के दौरान प्रयागराज पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी प्रयागराज और वाराणसी के अलावा सीतापुर, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, संत रविदास नगर, मीरजापुर और सोनभद्र सहित करीब 26 जिलों में हीटवेव की गंभीर चेतावनी जारी की है।
वहीं, पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इन इलाकों में तेज धूप खिलेगी और अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार
गर्मी के इस भीषण प्रकोप के बीच राहत की मामूली उम्मीद बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों से है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बुंदेलखंड के झांसी, बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में एक या दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इसके साथ ही पूर्वांचल के सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, संत कबीर नगर, गोरखपुर, मऊ और गाजीपुर में भी गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि इस छिटपुट बारिश से बढ़ते तापमान या गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है।
ये भी पढ़े-UP News: मथुरा में बड़ा खेल! चढ़ावे पर सवाल उठाने वाले दिनेश फलाहारी खुद फंसे; दर्ज हुई शिकायत
अगले 4 दिन और सताएगी गर्मी
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 जून से 24 जून तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू के थपेड़ों का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी और बढ़ेगी।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव और शुष्कता की वजह से इस बार उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन में थोड़ी देरी हो सकती है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, अब यूपी में मानसून के 24 से 25 जून तक दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। तब तक लोगों को तेज धूप और लू से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़े-गो-आधारित खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, CM योगी ने बताई विकास की कुंजी





