
UP News: यूपी में ढेर हुआ बिहार का कुख्यात बदमाश, जानिए कौन था लल्लन सिंह?
UP News: यूपी और बिहार पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधी लल्लन सिंह को सहारनपुर में एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया है। लल्लन सिंह पर 7 हत्याओं और दारोगा से पिस्टल लूटने समेत कई संगीन मामले दर्ज थे।
UP News: उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह सोमवार सुबह सहारनपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के साथ हुई एक मुठभेड़ में मारा गया। लल्लन सिंह पर 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उस पर 7 हत्याओं सहित दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, रविवार की रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक टीम सरसावा-नकुड़ मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
घायल बदमाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
दारोगा की हत्या और लूट समेत दर्ज थे कई केस
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला लल्लन सिंह एक बेहद शातिर और क्रूर अपराधी था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उस पर 7 लोगों की हत्या का आरोप था, जिसमें दो सब-इंस्पेक्टर (दारोगा), एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड शामिल थे। साल 2022 में वाराणसी में एक दारोगा को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज वारदात में भी वह मुख्य आरोपी था। उस पर बैंक डकैती, कैश वैन लूट और पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामले दर्ज थे।
ये भी पढ़े- UP News: ललितपुर में बनेगा यूपी का पहला फार्मा पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
लल्लन की गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस की ओर से 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यूपी एसटीएफ की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
ये भी पढ़े- UP News: सपा कार्यालय पर चला योगी का बुलडोजर, 21 साल पुरानी इमारत जमींदोज





