FIFA World Cup 2026: रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना चकनाचूर, पुर्तगाल विश्व कप से बाहर

FIFA World Cup 2026 में स्पेन से हारकर पुर्तगाल के बाहर होने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो भावुक हो गए। जानें इंटरनेशनल फुटबॉल से उनके संन्यास (Retirement) की योजना पर क्या है बड़ा अपडेट।

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन के खिलाफ मिली 0-1 की हार के साथ ही दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना हमेशा के लिए टूट गया है। राउंड ऑफ 16 के इस बेहद रोमांचक मुकाबले में पुर्तगाल की हार के बाद 41 वर्षीय रोनाल्डो काफी निराश दिखे। मैच के बाद उन्होंने साफ किया कि यह उनके शानदार करियर का आखिरी वर्ल्ड कप था।

आखिरी वर्ल्ड कप पर छलका दर्द

मैच के बाद भावनाओं को साझा करते हुए रोनाल्डो ने कहा, “इस तरह वर्ल्ड कप से बाहर होने का बेहद दुख है। मैंने मैदान पर अपना सबकुछ झोंक दिया। हां, यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप था।” आपको बता दें कि इंजरी टाइम में स्पेन के मिकेल मेरिनो द्वारा किए गए गोल ने पुर्तगाल का सफर समाप्त कर दिया। रोनाल्डो ने अपने करियर में रिकॉर्ड छठी बार फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया और इस सीजन में 3 गोल भी दागे, लेकिन अपनी टीम को ट्रॉफी नहीं दिला सके।

संन्यास पर क्या बोले रोनाल्डो?

विश्व कप का सफर खत्म होने के बाद अब फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रोनाल्डो पुर्तगाल की जर्सी में दोबारा नजर आएंगे? इस पर रोनाल्डो ने कहा कि वह जल्दबाजी में या भावनाओं में बहकर कोई फैसला नहीं लेंगे। उन्होंने कहा, अब मेरे पास सोचने और अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका होगा। मैं फिलहाल कोई जल्दबाजी नहीं करूँगा।” उनके इस बयान से संकेत मिलते हैं कि वह पुर्तगाल के लिए कुछ समय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खेलना जारी रख सकते हैं।

रॉबर्टो मार्टिनेज ने छोड़ा अपना पद

स्पेन के 52 साल के रॉबर्टो मार्टिनेज ने 2023 में पुर्तगाल के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। मार्टिनेज ने कहा, ‘यह पहले से तय नहीं था। मैं वर्ल्ड कप जीतने के मकसद से आया था। मैं जीत नहीं पाया, इसलिए आगे बने रहने का कोई मतलब नहीं है। मैं अपने साथ यादें लेकर जा रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि पुर्तगाल के पास साढ़े तीन सालों की अच्छी यादें होंगी जब मैं टीम का हेड कोच था। यह मेरे जीवन का एक यादगार अनुभव था।’

क्रिस्टियानो रोनाल्डो भले ही अपने दो दशक लंबे वर्ल्ड कप करियर में कभी फाइनल तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन उन्होंने पुर्तगाल को अपनी कप्तानी में यूरो 2016 और दो बार यूईएफए नेशन्स लीग (2019, 2025) का खिताब दिलाया है। उन्होंने कहा कि देश के लिए जीते ये खिताब भी उनके लिए वर्ल्ड कप जितने ही महत्वपूर्ण हैं।

Back to top button