
Lucknow News: गलत इंजेक्शन लगाने से मासूम की मौत, बिल न भरने पर नहीं दिया शव
Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही के कारण 9 महीने की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने बिल न चुकाने पर शव रोकने का भी आरोप लगाया।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित वात्सल्य अस्पताल पर एक 9 महीने की बच्ची के इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि अस्पताल के अनट्रेन्ड (अकुशल) स्टाफ की लापरवाही के कारण बच्ची की जान गई। मौत के बाद अस्पताल प्रशासन पर शव को बंधक बनाकर ज्यादा बिल वसूलने की कोशिश का भी आरोप लगा है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
तेज बुखार के बाद कराया गया था भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के रहने वाले लाल बाबू की 9 महीने की बेटी ‘आस्था’ को अचानक तेज बुखार आया था। परिजन उसे तुरंत लखनऊ लेकर आए और गोमतीनगर के वात्सल्य अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सीधे आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर दिया।
ये भी पढ़े-UP News: टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद मासूम की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
परिजनों के गंभीर आरोप
बच्ची के चाचा परवीन गुप्ता ने अस्पताल प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आईसीयू में तैनात स्टाफ इतना अकुशल था कि वे ठीक से इंजेक्शन का नाम तक नहीं पढ़ पा रहे थे। डॉक्टरों की गैरमौजूदगी में इसी स्टाफ की देखरेख में इलाज चल रहा था।
भर्ती करने के बाद सिर्फ एक बार डॉक्टर बीपी सिंह बच्ची को देखने आए थे। उसके बाद बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन कोई भी सीनियर डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि बच्ची की मौत हो जाने के बाद भी अस्पताल प्रशासन इलाज का नाटक करता रहा ताकि बिल बढ़ाया जा सके। बाद में बकाया बिल जमा न होने का हवाला देकर शव ले जाने से मना कर दिया गया।
ये भी पढ़े-UP News: सांसद की बैठक के बाद आपस में भिड़े सपाई, जमकर चले लात-घूंसे; वीडियो वायरल
पुलिस के दखल के बाद सौंपा गया शव
अस्पताल के इस रवैये से नाराज परिजनों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हस्तक्षेप और बीच-बचाव के बाद आखिरकार अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को बच्ची का शव सौंप दिया।
ये भी पढ़े-ढाबा खोलने से पहले हुआ दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आने से संचालक की मौत





