
UP News: टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद मासूम की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
Raebareli News: रायबरेली के शाश्वत नर्सिंग होम में टॉन्सिल के सामान्य ऑपरेशन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की हालत बिगड़ गई। लखनऊ के अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया है।
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित ‘शाश्वत नर्सिंग होम‘ में एक 10 साल की मासूम बच्ची के इलाज में बड़ी लापरवाही का आरोप लगा है। टॉन्सिल का एक सामान्य ऑपरेशन कराने आई इस बच्ची की हालत सर्जरी के बाद इतनी बिगड़ गई कि उसे लखनऊ ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रेन डेड’ (मस्तिष्क का पूरी तरह काम बंद कर देना) घोषित कर दिया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, परिजन अपनी बेटी को टॉन्सिल की समस्या के चलते शाश्वत नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। वहां के संचालक डॉक्टर अमित सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
लेकिन ऑपरेशन के तुरंत बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्ची के पिता शरद सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने डॉक्टर और नर्सिंग होम के स्टाफ से बेटी की स्थिति के बारे में पूछा, तो उन्हें कोई साफ जवाब नहीं दिया गया।
ये भी पढ़े- UP News: पढ़ाई के दौरान लड़कियां भाग जाती हैं, फिर प्रेग्नेंट…,ये क्या बोल गईं राज्यपाल?
डॉक्टरों ने किया ‘ब्रेन डेड’ घोषित
जब नर्सिंग होम में बच्ची की हालत लगातार नाजुक होती गई, तो मजबूर होकर माता-पिता उसे एक निजी एम्बुलेंस से तुरंत अपोलो अस्पताल, लखनऊ लेकर भागे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। लखनऊ पहुंचते ही वहां के डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की और उसे ‘ब्रेन डेड’ घोषित कर दिया।
“मेरी बेटी का सिर्फ एक छोटा सा टॉन्सिल का ऑपरेशन होना था। डॉक्टर अमित सिंह ने हमें सब ठीक होने का आश्वासन दिया था, लेकिन लापरवाही के कारण मेरी बच्ची की यह हालत हो गई। हमसे जानकारी छुपाई गई और बार-बार पूछने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हम शासन और प्रशासन से सिर्फ न्याय की गुहार लगा रहे हैं।” – शरद सिंह, पीड़ित बच्ची के पिता
ये भी पढ़े- एटा में घुंघरू कारोबारी गिरफ्तार, 1000+ चाइल्ड पोर्नोग्राफी और आपत्तिजनक वीडियो बरामद
DM कार्यालय में शिकायत
इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित और टूटे हुए परिजनों ने जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी डॉक्टर अमित सिंह के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और शाश्वत नर्सिंग होम का लाइसेंस तुरंत रद्द करने की मांग की है।
ये भी पढ़े- UP News: बरेली में दारोगा सस्पेंड, शादी-नौकरी का झांसा देकर रेप का आरोप





