शेखर सुमन के दोस्त के ठिकानों पर ED की दबिश, सबूत मिटाने के लगे आरोप

ED Raids Dharmesh Sangani: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फिल्म मेकर और अभिनेता धर्मेश संगानी के ठिकानों पर FEMA के तहत छापेमारी की है। आरोप है कि जांच के दौरान कर सबूत मिटाने की कोशिश की।

ED Raids Dharmesh Sangani: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फिल्म निर्माता, अभिनेता और कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक धर्मेश संगानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय एजेंसी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के नियमों के उल्लंघन और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में धर्मेश संगानी और उनकी कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी की। धर्मेश संगानी मशहूर अभिनेता और टीवी होस्ट शेखर सुमन (Shekhar Suman) के करीबी सहयोगी और ‘शेखर सुमन अकादमी’ के सह-संस्थापक भी हैं।

13वीं मंजिल से फेंका मोबाइल फोन

ईडी की इस कार्रवाई के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला ड्रामा देखने को मिला। अधिकारियों के मुताबिक, जब जांच टीम संगानी के ठिकाने पर पहुंची, तो उन्होंने साक्ष्य मिटाने की नीयत से अपने अपार्टमेंट की 13वीं मंजिल से अपना मोबाइल फोन नीचे फेंक दिया। हालांकि, मुस्तैद अधिकारियों ने बाद में फोन को बरामद कर लिया। सबूत नष्ट करने के प्रयास के आरोप में मुंबई पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

विदेशी बैंक खातों और अघोषित संपत्तियों का खुलासा

प्रवर्तन निदेशालय ने बताया कि यह तलाशी अभियान विदेशों में अघोषित कंपनियों, निर्यात आय से जुड़े उल्लंघनों और अघोषित विदेशी बैंक खातों की जांच को लेकर चलाया गया था। जांच के दौरान ईडी को कई अहम सबूत हाथ लगे हैं. संगानी के संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कनाडा और अमेरिका (USA) में कई अघोषित विदेशी बैंक खाते मिले हैं।

जांच में कनाडा की एक अघोषित कंपनी में भी संगानी की बड़ी हिस्सेदारी होने का पता चला है। भारत में जो रकम निर्यात (Export) के जरिए वापस आनी चाहिए थी, वह लंबे समय के बाद भी देश नहीं लाई गई। विदेशी खरीदारों से पैसा वसूलने या बैंक से समय सीमा बढ़ाने का कोई दस्तावेजी सबूत नहीं मिला है।

ये भी पढ़े- राजपाल यादव को दिल्ली HC से बड़ा झटका, चेक बाउंस केस में हुआ फैसला

लंदन में जब्त हुआ था 7.4 किलो सोना

धर्मेश संगानी का विवादों से पुराना नाता रहा है। जांच में सामने आया है कि ब्रिटेन और अमेरिका में उनके खिलाफ सीमा शुल्क (Customs) से जुड़ा एक मामला पहले से चल रहा है। साल 2016 में ब्रिटेन के बॉर्डर फोर्स ने संगानी के पास से 7.4 किलोग्राम सोने के आभूषण जब्त किए थे। यह कार्रवाई सोने की वास्तविक मात्रा को छिपाने और कम बताने के आरोप में की गई थी। फिलहाल ईडी बरामद दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े- Dhamaal 4 Review: कमजोर VFX और फीकी कॉमेडी ने बिगाड़ा खेल, जानिए कैसी है ‘धमाल 4’

Back to top button