BCCI ने किया ऐलान… नेपाल में पहली बार T20 सीरीज खेलेगी इंडिया A टीम

India A Tour of Nepal: BCCI ने इंडिया-ए के नेपाल दौरे का ऐलान कर दिया है। दिसंबर 2026 में दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसमें वैभव सूर्यवंशी और रिंकू सिंह जैसे युवा सितारे नजर आ सकते हैं।

India A Tour of Nepal: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने इंडिया-ए टीम के आगामी विदेशी दौरे को हरी झंडी दे दी है। इंडिया-ए की टीम इसी साल दिसंबर (2026) में नेपाल का दौरा करेगी, जहां मेजबान टीम के साथ तीन मैचों की एक रोमांचक टी20 सीरीज खेली जाएगी। नेपाल क्रिकेट को बढ़ावा देने और एसोसिएट देशों को मजबूत करने की बीसीसीआई की नीति के तहत इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है।

यह फैसला स्कॉटलैंड में आयोजित ICC की वार्षिक बैठक के दौरान लिया गया। वहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) के अध्यक्ष चतुर बहादुर चंद, सचिव पारस खड़का और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के बीच हुई चर्चा के बाद इस सीरीज पर अंतिम मुहर लगी।

इंडिया-ए बनाम नेपाल टी20 सीरीज का शेड्यूल (Schedule)

इस सीरीज के सभी मुकाबले कीर्तिपुर के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर में आयोजित हो सकते हैं।

  • पहला टी20 मैच: 9 दिसंबर 2026

  • दूसरा टी20 मैच: 11 दिसंबर 2026

  • तीसरा टी20 मैच: 13 दिसंबर 2026

युवाओं पर रहेगी नजर

दिसंबर के महीने में भारतीय सीनियर टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा 1 दिसंबर को खत्म होगा, जिसके तुरंत बाद 13 दिसंबर से श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज शुरू हो जाएगी। ऐसे में केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों का नेपाल जाना नामुमकिन है।

ये भी पढ़े- Wimbledon 2026: तेंदुलकर फैमिली संग दिखे शुभमन गिल? फैंस बोले- ‘रिश्ता पक्का …’

यही वजह है कि चयनकर्ताओं के पास 2027 के व्यस्त व्हाइट-बॉल कैलेंडर से पहले टी20 स्पेशलिस्ट और युवा प्रतिभाओं को आजमाने का शानदार मौका होगा। इस दौरे पर 15 साल के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को इंडिया-ए की जर्सी में खेलते हुए देखा जा सकता है।

मदद में हमेशा आगे रहा है BCCI

बीसीसीआई लगातार नेपाल और अन्य एसोसिएट देशों के क्रिकेट को इंटरनेशनल लेवल पर मजबूत करने के लिए प्रयास करता रहा है। इससे पहले साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए नेपाल की टीम ने गुजरात में ‘SMS फ्रेंडशिप कप’ खेला था, जहां नेपाल ने गुजरात को हराकर खिताब जीता था।

ये भी पढ़े- IND W vs ENG: लॉर्ड्स में स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर

Back to top button