
UP News: अस्पताल के अंदर खूनी खेल, CT Scan रूम में छात्रा की चाकू मारकर हत्या
UP News: मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के आईसीयू में हत्या के बाद अब पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्रा की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह तार-तार हो चुकी है। मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के ICU में हुए मर्डर के ठीक 48 घंटे बाद, अब पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन (CT Scan) रूम में एक पैरामेडिकल छात्रा की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि मृतका के ही क्लासमेट ने अंजाम दिया। मौके पर मौजूद स्टाफ और सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी छात्र को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गर्दन की नस कटने से हुई मौत
मृतका कशिश पटेल (21 वर्ष, निवासी बरेली) सीटी स्कैन का कोर्स कर रही थी। आरोपी छात्र सागर सिंह (निवासी कानपुर) एक्स-रे टेक्नीशियन का छात्र है। मंगलवार सुबह सागर अपने बैग में नया धारदार प्रोफेशनल चाकू छिपाकर सीटी स्कैन रूम में घुसा और कशिश पर ताबड़तोड़ 5 वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई अस्पताल की महिला कर्मचारी निधि भी इस हमले में घायल हो गई।
कशिश को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्दन की मुख्य नस कटने और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी जान गई।
प्रेम प्रसंग की आशंका
हमले के बाद अस्पताल स्टाफ और गार्ड्स ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी छात्र सागर को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग (Love Affair) का लग रहा है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़े- दूसरी शादी के शक में मां का खौफनाक कदम… तीन बच्चों संग खाया जहर
सुरक्षा में बड़ी चूक
सीसीटीवी कैमरे और भारी सुरक्षा बल होने के बावजूद आरोपी छात्र अस्पताल के अंदर इतना बड़ा चाकू लेकर कैसे घुस गया, इस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता अनेजा ने सुरक्षा में हुई इस बड़ी लापरवाही की जांच के लिए 3 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसे 2 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़े- UP News: जिला अस्पताल के ICU में खौफनाक वारदात, मरीज को पीट-पीटकर मार डाला
इससे ठीक दो दिन पहले मुजफ्फरनगर के ICU वार्ड में भी मामूली विवाद में एक मरीज की हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से डॉक्टरों और मरीजों में खौफ का माहौल है।





