Mirzapur में भीषण हादसे के बाद बवाल! घर में घुसा ट्रक, 3 की मौत; पुलिस पर बरसे पत्थर…

Mirzapur Truck Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास हुआ। ट्रक की चपेट में आने और मकान के मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। ट्रक वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मची हुई थी।

ट्रक की चपेट में आए कई लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त घर के बाहर मौजूद कई लोग ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत
राहत और बचाव कार्य के दौरान तीन लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चचेरी मोड़, चुनार भेजा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश था।

पुलिस टीम पर भड़की भीड़, जमकर हुआ पथराव
तीन लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया। पथराव की घटना में एक दरोगा समेत चार सिपाही घायल हो गए हैं। पुलिस टीम के घायल होने के बाद अधिकारियों को मामले की गंभीरता का अंदाजा हुआ।

यह भी पढ़ें…

UP News: गाजियाबाद में खौफनाक वारदात, संपत्ति के लिए कलयुगी बेटे ने बाप को गोलियों से भूना

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, स्थिति पर नजर
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक का टायर फटने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति, ट्रक की रफ्तार और हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें…

UP News: होटल में प्रेमी संग मिली पत्नी, पति ने बीच सड़क पर घसीटकर पीटा

हादसे के बाद कई सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद सड़क किनारे बने मकानों और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण क्षेत्र में पहले भी हादसे का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन, 38 भवनों को RDA ने बताया अवैध

Back to top button