UP News: मासूम ने पैंट में किया पेशाब तो हैवान बनी शिक्षिका, गर्म चाकू से दागा प्राइवेट पार्ट

वाराणसी में नर्सरी के 5 साल के मासूम बच्चे द्वारा पैंट में पेशाब करने पर शिक्षिका ने खौफनाक सजा दी। आरोपी शिक्षिका ने गैस पर चाकू गर्म कर बच्चे का प्राइवेट पार्ट दाग दिया।

UP News: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी से खाकी और शिक्षा जगत को झकझोर देने वाली खौफनाक खबर सामने आई है। यहां एक निजी प्ले स्कूल में नर्सरी के 5 वर्षीय मासूम छात्र द्वारा पैंट में पेशाब कर देने से नाराज शिक्षिका ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

आरोप है कि गुस्से में आई शिक्षिका बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई और रसोई गैस पर चाकू गर्म करके मासूम के प्राइवेट पार्ट को दाग दिया इस क्रूरता के बाद बच्चे के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम जाने की मांगी थी अनुमति

यह खौफनाक घटना अकथा स्थित जेडी नगर कॉलोनी के एक प्ले स्कूल की है। पीड़ित छात्र के पिता, जो जिला कचहरी में पेशे से अधिवक्ता हैं, उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह उनका 5 साल का इकलौता बेटा स्कूल गया था। क्लास के दौरान बच्चे ने अपनी शिक्षिका से बाथरूम जाने की इजाजत मांगी। टीचर ने उसे जाने से मना कर दिया। काफी देर तक दबाव न रोक पाने के कारण मासूम ने कपड़े में ही पेशाब कर दिया।

दूसरे कमरे में ले जाकर दी दर्दनाक सजा

शिक्षिका प्रीति कुशवाहा बच्चे के पैंट में पेशाब करने पर आगबबूला हो गईं। आरोप है कि शिक्षिका बच्चे को उठाकर स्कूल के दूसरे कमरे में ले गई, जहां गैस जलाकर चाकू को लाल-गर्म किया और मासूम के नाजुक अंगों को दाग दिया। मासूम के रोने-बिलखने पर शिक्षिका ने उसे मार-पीटकर धमकी दी कि अगर उसने घर पर किसी को बताया या दोबारा ऐसा किया, तो उसका इससे भी बुरा हाल करेगी।

ये भी पढ़े- UP News: बेकाबू ट्रक ने घर के बाहर बैठे परिवार को रौंदा; पति-पत्नी और दो मासूमो की मौत

घर लौटने पर छाला देख घबराए परिजन

छुट्टी के बाद जब बच्चा रोते हुए घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को तेज दर्द होने की बात बताई। मां ने जब बच्चे के कपड़े चेक किए तो उसके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर छाले पड़े हुए थे। जब बच्चे से पूछा गया तो उसने रोते-रोते शिक्षिका की दरिंदगी की पूरी कहानी सुनाई।

जब परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की, तो उल्टे उन्हें ही धमकी देकर भगा दिया गया। इसके बाद पीड़ित पिता दर्जनों अधिवक्ताओं के साथ लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने मासूम का मेडिकल परीक्षण कराया है।  शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, प्रधानाचार्या और प्रबंधक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े- UP News: यूपी में खाकी शर्मसार, 2 दिन थाने में बर्बरता फिर सड़क पर मरने के लिए छोड़ा

Back to top button