Lucknow News: अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कोटेदार, राशन न बांटने की चेतावनी

अपनी मांगों को लेकर लखनऊ में विधानसभा घेरने पहुंचे राशन कोटेदारों को पुलिस ने चारबाग में रोककर इको गार्डन भेज दिया।

UP Kotedar Protest: उत्तर प्रदेश में राशन कोटेदार (Fair Price Shop Dealers) अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार के मूड में आ गए हैं। मंगलवार को ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के बैनर तले प्रदेशभर से आए सैकड़ों कोटेदार राजधानी लखनऊ में इकट्ठा हुए।

चारबाग रेलवे स्टेशन से विधानसभा घेराव के लिए निकले कोटेदारों को भारी पुलिस बल ने रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद अधिकारियों ने कोटेदारों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया।

क्या हैं राशन कोटेदारों की मांगें?

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई में बेहद कम कमीशन मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

कोटेदारों को प्रति क्विंटल 90 रुपये कमीशन मिलता है, जिसे बढ़ाकर कम से कम 200 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

दिल्ली, हरियाणा और गोवा जैसे राज्यों में ज्यादा कमीशन दिया जा रहा है, जबकि गुजरात व केरल में न्यूनतम आय गारंटी और मानदेय (Fixed Salary) लागू है। यूपी में भी मानदेय दिया जाए।

नवंबर 2021 में फ्री राशन वितरण का बकाया लाभांश और खाली बोरियों का भुगतान तुरंत किया जाए।

राशन वितरण में आ रही तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए नई 5G पॉस मशीनें और इंटरनेट का खर्च दिया जाए।

ये भी पढ़े- Jauhar University: ‘शिक्षा परिसरों पर न चले बुलडोजर’, आजम खान के पक्ष में उतरीं मायावती

राशन वितरण ठप करने की चेतावनी

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश नेतृत्व ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि यदि मुख्यमंत्री द्वारा उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तो अगस्त महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में राशन वितरण ठप रखा जाएगा

कोटेदारों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे हैं और अगर बात नहीं बनी तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़े- Lucknow News: पुलिस ने काटा लाइनमैन का चालान, बिजली विभाग ने काट दी थाने की बत्ती

Back to top button