
IIT Kanpur: दाखिला नहीं मिला तो छात्र ने हैक कर दी वेबसाइट! मिला इंटर्नशिप का ऑफर
आईआईटी कानपुर में बी.टेक साइबर सुरक्षा में एडमिशन न मिलने पर छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर ली। एफआईआर के बजाय संस्थान ने दिया C3iHub में इंटर्नशिप का ऑफर।
IIT Kanpur: प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान IIT Kanpur से साइबर सुरक्षा और टैलेंट से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। आईआईटी कानपुर के बी.टेक साइबर सुरक्षा (BTech Cyber Security) पाठ्यक्रम में दाखिला खारिज होने से निराश एक छात्र ने संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर ली।
वेबसाइट में सेंध लगाने के बाद छात्र ने उस पर एक संदेश छोड़ा Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance (साइट हैक हो गई है, मुझे बस एक सही मौका चाहिए)। इसके बाद छात्र ने घटना के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) और Reddit पर शेयर कर अपनी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स साबित करने की बात कही।
मिला टैलेंट साबित करने का मौका
IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने कहा की प्रवेश प्रक्रिया पहले ही संपन्न हो चुकी थी, प्रशासनिक नियमों के तहत तुरंत दाखिला देना संभव नहीं था। लेकिन हम छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहते थे। इसलिए हमने उसके टैलेंट को परखने के लिए एक फॉर्मल असेसमेंट/टेस्ट आयोजित करने और अपने साइबर सिक्योरिटी इनोवेशन हब (C3iHub) में इंटर्नशिप देने पर विचार किया है। वह अगले सत्र में नियमानुसार दाखिले के लिए दोबारा प्रयास कर सकता है।
इस वजह छात्र ने उठाया कदम
प्रो. मनिंद्र अग्रवाल के अनुसार, बी.टेक साइबर सुरक्षा प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए हैकथॉन और कई अन्य टेस्ट के मौके दिए जाते हैं। यह छात्र प्रारंभिक चयन प्रक्रिया और हैकथॉन में खुद को साबित नहीं कर सका था, जिसके बाद उसे शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया। हालांकि, छात्र ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि उसका मकसद डेटा को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि अपनी काबिलियत को साबित करना था।
संस्थान ने छात्रों को दी सख्त हिदायत
आईआईटी कानपुर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत तरीके से किसी भी सिस्टम को हैक करना गैर-कानूनी और गलत परंपरा है।
संस्थान ने अन्य छात्रों और साइबर उत्साही लोगों को संदेश दिया है कि अपने हुनर को साबित करने के लिए हमेशा कानूनी और एथिकल (Responsible Disclosure) रास्तों का ही चयन करें। जो भी युवा साइबर सुरक्षा में माहिर हैं, वे अपना सीवी (CV) सीधे C3iHub के साथ साझा कर सकते हैं, जहां उनकी योग्यता के आधार पर उन्हें नौकरी या इंटर्नशिप के अवसर दिए जाते हैं।





