
लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे पर दिखा अनोखा नज़ारा, आखिर क्यों लगे पंखे?
पेचवर्क वाले हिस्से में जमा पानी हटाने के लिए लगाए गए पंखे, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
Lucknow News: लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे पर एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जहां पेचवर्क वाले हिस्से में जमा बरसाती पानी को सुखाने के लिए करीब 10 बड़े पंखे लगा दिए गए। बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी हटाने के इस तरीके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क के जिस हिस्से पर मरम्मत (पेचवर्क) का काम किया गया था, वहां पानी जमा हो गया था। इसे जल्द सुखाकर आगे का कार्य पूरा करने के लिए पंखों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे ‘जुगाड़ मॉडल’ बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





