
भारी बारिश के बीच नैनीताल में बड़ा हादसा, पर्यटकों से भरा ट्रैवलर खाई में गिरा…
भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर मल्ला रामगढ़ में हादसा, पैराफिट तोड़कर 100 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन; SDRF और पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा यह वाहन मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में हरियाणा के 22 पर्यटक सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। भारी बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया गया। घायलों में छह की हालत को देखते हुए उन्हें अन्य अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है।
पैराफिट तोड़कर खाई में गिरा वाहन
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के पर्यटकों को लेकर टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की तरफ जा रहा था। लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। अचानक हुए हादसे के बाद वाहन में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
तीन घंटे तक वाहन और पेड़ के बीच फंसा रहा पर्यटक
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक पर्यटक बेहद गंभीर हालत में वाहन और पेड़ के बीच फंसा मिला। उसे बाहर निकालने के लिए विशेष प्रयास किए गए। बताया गया कि वह करीब तीन घंटे तक फंसा रहा। उसे सुरक्षित निकालने के लिए चेन की मदद ली गई।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा गया।
यह भी पढ़ें…
निर्माणाधीन टनल में पानी आने से मजदूर फंसे, नौ की मौत
छह घायलों को किया गया रेफर
हादसे में घायल 21 पर्यटकों को उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ ले जाया गया। इनमें से छह घायलों को उनकी स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें…
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़ेंगे छात्र, CM धामी ने लॉन्च किया युवा विद्यार्थी मंथन पोर्टल
चालक गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने टेंपो ट्रैवलर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह वाहन का संतुलन बिगड़ना बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
नैनीताल के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के बीच सड़क पर वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें…





