
लखनऊ में फिर सड़क पर उतरीं Gen Alpha, शिक्षकों की भारी कमी पर काटा बवाल
राजधानी लखनऊ में अब छात्राएं सड़क पर उतरी हैं। टीचर की कमी से बाधित हो रही पढ़ाई को लेकर आक्रोश जताया और मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच कर दिया।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर ‘जेन अल्फा’ (Gen Alpha) यानी स्कूली छात्र-छात्राओं का आक्रोश देखने को मिला है। पारा थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी और बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था से तंग आकर सोमवार (17 अगस्त) को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने दुबग्गा बाईपास और बालागंज चौराहे पर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात ठप रहा।
8 महीने से पढ़ाई ठप
सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रही छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे उनका सिलेबस पिछड़ रहा है।
पिछले 8 महीनों से पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि महज 5 महीने बाद बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में फिजिक्स, केमिस्ट्री समेत कई विषयों के शिक्षक नहीं हैं, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने खराब भोजन, बीमार पड़ने पर समय पर इलाज न मिलने और अन्य बुनियादी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।
ये भी पढ़े- बज़्म-ए-ख़्वातीन के तत्वावधान में जश्न-ए-आज़ादी का आयोजन
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
जानकारी होने पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने दुबग्गा चौराहे से प्रदर्शन समाप्त कराया। इसके बाद छात्राओं ने सीएम आवास की तरफ जाने के लिए कूच किया। इस पर उन्हें बालागंज चौराहे पर रोककर वापस किया गया। करीब 10 बजे अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं और धरना खत्म किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।
ये भी पढ़े- तालकटोरा की पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों के बीच डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू
बता दें कि इससे पहले बीते शुक्रवार को भी इसी सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने पारा इलाके में अव्यवस्थाओं को लेकर जोरदार हंगामा किया था। उस दौरान कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और विभाग के निदेशक अनुराग यादव ने खुद मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की थी और जल्द व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया था।
ये भी पढ़े- UP News: आजादी की खुशियां बदलीं मातम में, स्कूल का छज्जा गिरने से एक मासूम की मौत; 2 घायल





