जूनियर असिस्टेंट भर्ती में देरी से अभ्यर्थी परेशान: लखनऊ में प्रदर्शन, बोले- अब और इंतजार नहीं

Lucknow: लखनऊ में सोमवार को UPSSSC की जूनियर असिस्टेंट भर्ती के अभ्यर्थियों ने पीकअप भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने आयोग से 5512 पदों पर लंबित भर्ती का अंतिम परिणाम जल्द जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। चार साल से भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय तक नौकरी न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने हाथों में पोस्टर लेकर अपनी मांग उठाई। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया के कई चरण पूरे होने के बावजूद अंतिम परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

चार साल से जारी है भर्ती प्रक्रिया
अभ्यर्थियों के हाथों में मौजूद टाइमलाइन के मुताबिक जूनियर असिस्टेंट के 5512 पदों पर भर्ती प्रक्रिया काफी लंबी खिंच चुकी है। इसमें अक्टूबर 2022 में UPSSSC PET के बाद 4 अगस्त 2022 को भर्ती विज्ञापन जारी होने का उल्लेख किया गया। इसके बाद 24 मार्च 2024 को शॉर्टलिस्टिंग और 29 जून 2024 को लिखित परीक्षा कराई गई।

लिखित परीक्षा के बाद भी चयन प्रक्रिया आगे बढ़ने में काफी समय लगा। आयोग ने 7 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग परीक्षा की कटऑफ जारी की और अगले दिन यानी 8 अक्टूबर को टाइपिंग परीक्षा की तारीख घोषित की गई।

यह भी पढ़ें…

भैंसों की नीलामी में शामिल होने पहुंचा था युवक, नगर निगम में ही हो गई मारपीट…

23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक हुई टाइपिंग परीक्षा
अभ्यर्थियों के मुताबिक जूनियर असिस्टेंट भर्ती की टाइपिंग परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक चली। टाइपिंग परीक्षा पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि जल्द ही अंतिम परिणाम जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि वे भर्ती प्रक्रिया के सभी जरूरी चरणों में शामिल हो चुके हैं। इसके बावजूद परिणाम का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि नौकरी की उम्मीद में उन्होंने लंबे समय तक दूसरी नौकरियों या अन्य विकल्पों पर ध्यान नहीं दिया, जिससे उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़ें…

UP News: IAS दुर्गा शक्ति नागपाल पर क्यों भड़का हाईकोर्ट? लगाई कड़ी फटकार…

अभ्यर्थियों की मांग- जल्द जारी हो अंतिम परिणाम
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने UPSSSC से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में अब और देरी न की जाए। उनका कहना है कि लिखित और टाइपिंग परीक्षा समेत जरूरी चरण पूरे हो चुके हैं, इसलिए आयोग को जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी चाहिए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि चार साल से चल रही इस भर्ती का इंतजार अब उनके लिए मानसिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर परेशानी का कारण बन चुका है। उन्होंने आयोग से भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कर हजारों अभ्यर्थियों को राहत देने की अपील की।

यह भी पढ़ें…

UP News: बीच में छोड़कर नहीं…, राष्ट्रगान विवाद पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की सफाई

Back to top button