‘नंद घर आनंद भयो’ से गूंजा गोरक्षपीठ, CM योगी ने की श्रीकृष्ण की विशेष पूजा

Janmashtami: आधी रात श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ भक्तिमय हुआ गोरखनाथ मंदिर, CM योगी ने उतारी आरती

Gorakhpur: जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार देर रात गोरखनाथ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ, पूरा मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार, सोहर गीतों और घंट-घड़ियाल की मंगल ध्वनि के बीच जन्मोत्सव का अनुष्ठान संपन्न हुआ।

भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को गोद में उठाया और गर्भगृह से बाहर लेकर आए। इसके बाद फूलों से सजे आकर्षक पालने में लड्डू गोपाल को विराजमान कर उन्होंने श्रद्धापूर्वक पालना झुलाया। मुख्यमंत्री ने भगवान की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेव’ की मंगल धुन के बीच भक्त भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।

श्रद्धालुओं को बांटा गया फलाहार और प्रसाद

प्राकट्योत्सव का धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद गोरखनाथ मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं को फलाहार और प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

गोरखनाथ मंदिर में जन्माष्टमी का यह आयोजन भक्ति, परंपरा और उल्लास का संगम रहा। आधी रात तक मंदिर परिसर में कृष्ण जन्म की खुशियां मनाई जाती रहीं।

Back to top button