
Delhi के कैफे में युवती से गैंगरेप, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
Delhi Crime Preet Vihar: राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और सभी आरोपी आपस में परिचित व सहकर्मी हैं और यह घटना सोमवार देर रात एक कैफे में हुई पार्टी के बाद सामने आई।
रात तीन बजे कैफे में कांड
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता अपने परिवार के साथ मंडावली क्षेत्र में रहती है और कड़कड़डूमा स्थित एक कैफे में काम करती है। सोमवार रात आठ लोग प्रीत विहार स्थित एक कैफे पहुंचे, जो सामान्यतः रात 11:30 बजे बंद हो जाता है, लेकिन समूह में शामिल एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी होने के कारण भीतर जाकर देर रात तक पार्टी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद सभी लोग रात करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकले। इसके बाद युवती ने मंगलवार सुबह करीब छह बजे प्रीत विहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि पार्टी के बाद दो युवकों ने उसके साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया और अन्य साथियों ने उन्हें सहयोग दिया।
FIR में चार युवक व दो महिलाएं
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए चार युवकों और दो महिलाओं को नामजद किया है। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवती एक वाहन में एक युवक और दो महिलाओं के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी व साक्ष्य के आधार पर विस्तृत जांच जारी है।





