सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद पर चला बुलडोजर, जिला जज के फैसले के बाद एक्शन

जिला जज न्यायालय के आदेश के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया गया है।

UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद के एक हिस्से पर शनिवार सुबह बुलडोजर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने रात में मस्जिद को सील करने के बाद सुबह से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। सभी प्रवेश मार्ग बंद कर दिए गए और इलाके में हाई अलर्ट जैसा माहौल रहा।

बजरंग दल के नेता की थी शिकायत

दरअसल ये पूरा मामला तब सुर्खियों में आया था जब बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने शिकायत में की कि इस मस्जिद का निर्माण अति संवेदनशील और गोपनीय कार्यों वाले जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अवैध रूप से किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परिसर का उपयोग केवल धार्मिक गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि व्यावसायिक लाभ के लिए भी किया जा रहा था।

इस मस्जिद में एक डाकघर का संचालन होने के साथ-साथ बाहरी लोगों को कमरे किराए पर दिए गए थे और उनका किराया मस्जिद कमेटी द्वारा वसूला जा रहा था। बाहरी लोगों के दिन-रात बेरोक-टोक आवागमन से जिलाधिकारी कार्यालय की सुरक्षा और गोपनीयता पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 24 मार्च 2025 को नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय में पीपी एक्ट के तहत वाद दायर किया था। नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने गत 16 जुलाई 2026 को अपने आदेश में मस्जिद को अवैध मानते हुए बेदखली और क़रीब साढ़े छह करोड़ रुपये की भारी-भरकम क्षतिपूर्ति लगाते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे।

ये भी पढ़े-‘नंद घर आनंद भयो’ से गूंजा गोरक्षपीठ, CM योगी ने की श्रीकृष्ण की विशेष पूजा

जिला अदालत ने दिए मस्जिद हटाने के निर्देश

इसके बाद मुस्लिम पक्ष ने 22 जुलाई 2026 को जिला न्यायालय में इस फैसले को चुनौती दी थी।  जिला कोर्ट में चली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों द्वारा रखे गए तर्कों और साक्ष्यों की गहन समीक्षा की गई। कोर्ट ने पाया कि प्रश्नगत संपत्ति पर ‘प्लेसेज़ ऑफ़ वर्शिप एक्ट 1991’ का कोई प्रभाव नहीं है और ना ही यह अधिनियम इस अवैध संपत्ति पर किसी भी रूप में लागू होता है।  जिसके बाद इस मस्जिद को हटाने का आदेश दिया।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है अभी तक शहर में हालात शांतिपूर्ण है प्रशासन द्वारा छपे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने सहारनपुर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया।

ये भी पढ़े-श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भक्तिरस में डूबा चंद्रोदय मंदिर, आधी रात गूंजे ‘हरे कृष्ण’ के जयकारे

Back to top button